सावधान: Instagram से शॉपिंग करना पड़ा महिला को महंगा, लगा एक लाख 25 हजार रुपये का चूना

वैसे तो ऑनलाइन शॉपिंग के लिए कई ऑनलाइन साइट्स हैं लेकिन कई लोग सोशल साइट्स जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम से भी शॉपिंग करने लगे हैं। यदि आप भी ऐसे लोगों में से एक हैं तो आपको बहुत ही सावधान रहने की जरूरत है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि सोशल साइट्स से कोई सामान खरीदना आपको इतना महंगा पड़ सकता है कि आपके बैंक अकाउंट भी खाली हो सकते हैं। एक महिला को Instagram से कपड़े खरीदना इतना महंगा पड़ा कि उसे 1,25,000 रुपये का चूना लगा है। आइए जानते हैं पूरा मामला...

सबसे पहले आपको यह समझना होगा कि सोशल मीडिया पर किसी वास्तविकता के बारे में जानना बहुत ही मुश्किल काम है। सोशल मीडिया पर किसी पर भरोसा करना खतरे से खाली नहीं है। मेल नाम की एक महिला के साथ भी इसी तरह की घटना हुई है। उसने इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन देखा था जिसमें दावा किया गया था कि Charles Tyrwhitt नाम का स्टोर बंद होने वाला है, इसलिए कपड़े को सस्ते में खरीदने का मौका है।

इंस्टाग्राम पोस्ट में 40 फीसदी डिस्काउंट का दावा किया था। महिला ने पोस्ट के साथ दिए गए लिंक पर क्लिक किया जिसके बाद वह Charles Tyrwhitt की फर्जी वेबसाइट पर पहुंच गई। महिला ने अपने क्रेडिट कार्ड से करीब 1,25,000 रुपये के कपड़े का ऑर्डर दे दिया जिसमें शर्ट, सूट, मोजे और टाई भी शामिल थे।