Pension Scam: साइबर अपराधी पेंशन स्कैम के जरिए कर सकते हैं धोखेबाजी, ऐसे रखें खुद को सुरक्षित

साइबर मामलों में बढ़ोतरी की वजह से लोगों को इस बारे में थोड़ी सी जानकारी भी हासिल हुई है, जिस वजह से अब साइबर अपराधी ठगी करने के लिए नए-नए तरीकों को आजमा रहे हैं। सरकार ने साइबर स्कैम के एक नए तरीके के बारे में लोगों को सतर्क किया है। सरकार ने अपनी चेतावनी में कहा है कि साइबर धोखेबाज लोगों को पेंशन स्कैम के माध्यम से अपने जाल में फंसा रहे हैं। साइबर धोखेबाज व्हाट्सएप के जरिए लोगों को जाल में फंसाते हुए कह रहे हैं कि आपका जीवन प्रमाण सर्टिफिकेट की सालाना तारीख पास आ गई है। ऐसे में इसे जल्द ही रिन्यू करना होगा, वरना आपको पेंशन से वंचित कर दिया जाएगा।

आपको जानकारी के लिए बता दें कि जो लोग पेंशन ले रहे होते हैं, उनके पेंशन का फायदा लेने के लिए जीवन प्रमाण सर्टिफिकेट की जरूरत होती है। साइबर धोखेबाज इस बात का ही फायदा उठाते हैं और मशहूर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप के जरिए लोगों को मैसेज भेजकर कहा जाता है कि अगर आप आगे भी पेंशन का लाभ लेना चाहते हैं तो मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करके अपनी पर्सनल जानकारी सही समय पर जमा कर दीजिए, वरना पेंशन का फायदा नहीं मिलेगा।

सेंट्रल पेंशन अकाउंटिंग ऑफिस यानी सीपीएओ के मुताबिक, व्हाट्सएप के जरिए लोगों को इस तरह के मैसेज भेजे जाते हैं और फिर उन्हें पेंशन बंद होने का डर दिखाया जाता है। जब लोग साइबर धोखेबाज की बातों में फंस जाते हैं और अपनी पर्सनल जानकारी और बैंकिंग डिटेल साइबर अपराधियों को दे देते हैं तो इसके बाद लोगों के साथ साइबर स्कैम को अंजाम दिया जाता है। साइबर धोखेबाज लोगों को कहते हैं कि आपके जीवन प्रमाण सर्टिफिकेट की अंतिम तारीख नजदीक आ गई है और अब वो पुराना हो गया है। ऐसे में जीवन प्रमाण सर्टिफिकेट को अपडेट करना होगा।