TikTok Pro मैलवेयर आपको लगा सकता है चूना, महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने चेताया

भारत सरकार ने 59 चाइनीज एप्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। भारतीय सेना जवानों को 89 मोबाइल एप्स इस्तेमाल करने से मना कर दिया है। भारत में चाइनीज एप्स पर प्रतिबंध लगने का सबसे बड़ा नुकसान टिकटॉक की पैरेंट कंपनी बाइटडांस को हुआ है, क्योंकि टिकटॉक के लिए भारत सबसे बड़ा बाजार था।

टिकटॉक पर प्रतिबंध लगने के बाद कई यूजर्स ने मौत को गले लगा लिया है। टिकटॉक की इस दीवानगी का फायदा उठाने के लिए हैकर्स मौके का फायदा उठाने की फिराक में हैं। टिकटॉक की मैलवेयर वाली एपीके फाइल तमाम वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही है और यही फाइल आपको चूना लगा सकती है।

सोशल मीडिया पर TikTok Pro नाम से एक लिंक खूब शेयर किया जा रहा है लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी यह कोई एप नहीं बल्कि एक मैलवेयर है जो कि आपकी निजी जानकारी और बैंकिंग डीटेल चोरी करने में माहिर है। TikTok Pro को लेकर महाराष्ट्र पुलिस ने भी लोगों को अलर्ट किया है। TikTok Pro व्हाट्सएप पर खूब शेयर हो रहा है।