GST Effect: Apple से लेकर Vivo तक के ये स्मार्टफोन हुए महंगे, यहां जानें नई कीमत

मोबाइल पर लगने वाली जीएसटी में हुई बढ़त को ध्यान में रखते हुए एपल से लेकर वीवो तक ने अपने स्मार्टफोन की कीमत में इजाफा किया है। ऐसे में अब लोगों को पहले की तुलना में ज्यादा पैसे चुकाने पड़ेंगे। आपको बता दें कि मार्च के मध्य में भारत सरकार ने जीएसटी की दर को 12 फीसदी से बढ़ाकर 18 फीसदी कर दिया था। तो आज हम आपको कुछ चुनिंदा स्मार्टफोन के बारे में बताएंगे, जिनकी कीमत नई जीएसटी दर लगने के बाद से ही बढ़ गई हैं। आइए इन स्मार्टफोन पर डालते हैं एक नजर...

आईफोन 11 की कीमत में हुई बढ़ोतरी
एपल की लेटेस्ट सीरीज 11 में 5.2 फीसदी का इजाफा हुआ है। अब ग्राहकों को आईफोन 11 के बेस वेरिएंट के लिए 64,900 रुपये की बजाय 68,300 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, दूसरी तरफ आईफोन 11 प्रो की शुरुआती कीमत 1,01,200 से बढ़कर 1,06,600 रुपये हो गई है। फीचर्स की बात करें तो आईफोन 11 के बेस वेरिएंट को 6.1 इंच की लिक्विड रेटिना डिस्प्ले मिला है। इसके अलावा फोन में एपल का A13 बायोनिक प्रोसेसर मिलेगा, जिसे लेकर कंपनी ने दुनिया के सबसे तेज सीपीयू और जीपीयू का दावा किया है। वहीं, यह फोन iOS 13 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है।

वीवो वी17 स्मार्टफोन हुए महंगा
चीनी टेक कंपनी वीवो ने हाल ही में अपने अधिकतर स्मार्टफोन की कीमत में बढ़ोतरी की है। अब वीवो वी17 के 8 जीबी रैम वाले वेरिएंट की कीमत 24,990 रुपये हो गई है। इस वेरिएंट को 22,990 रुपये की कीमत के साथ बाजार में उतारा गया था। फीचर्स की बात करें तो इस फोन में 6.44 इंच का सुपर एमोलेड आईव्यू डिस्प्ले दिया है, जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2340 पिक्सल है। साथ ही इस फोन में बेहतर परफर्मेंस के लिए ऑक्टा-कोर क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 675 प्रोसेसर दिया गया है। वहीं, यह फोन फनटच ओएस 9.2 और एंड्रॉयड 9 पाई पर काम करता है। इसके अलावा इस फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है।