सर्दी का मौसम है। यह वक्त है सर्दी को समझने का। सर्दी से दोस्ती करने का। यह दोस्ती सेहत के लिए जरूरी है। कोई छींक रहा है, तो कोई खांस कर परेशान है। किसी का टॉन्सिल दर्द कर रहा है, तो कोई गले की खराश से जूझ रहा है। सर्दियों में होने वाली ये तमाम समस्याएं बहुत सामान्य हैं। इन छोटी-मोटी समस्याओं का इलाज तो आप घर पर भी कर सकते हैं, लेकिन ठंड का मौसम अपने साथ कुछ अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं भी लाता है और उनके बढ़ने का कारण भी बनता है। अस्थमा, हाई ब्लड प्रेशर, इन्फ्लूएंजा, हृदय संबंधी रोग आदि कुछ ऐसी ही समस्याएं हैं, जो लोगों को परेशान कर सकती हैं।
बदलते मौसम में खुद को बदलें, सर्दी में जरूर बरतें ये 6 सावधानियां
अस्थमा है, तो कम निकलें बाहर
आजकल स्मॉग से लोग परेशान हैं। जिन्हें अस्थमा है, वे स्मॉग से तो रोज जूझ ही रहें हैं, अब बढ़ती सर्दी भी इन्हें सताएगी। अस्थमा एक एलर्जिक समस्या है। सर्दी में अस्थमा के रोगियों की तकलीफ बढ़ जाती है। सर्दियों में कोहरा बढ़ने से एलर्जी के तत्व कोहरे के कारण हवा में उड़ते नहीं हैं, बल्कि आसपास ही रहते हैं। इन तत्वों से अस्थमा ग्रस्त मरीजों को तकलीफ होने लगती है। कई बार सांस लेने में भी दिक्कत होती है। ऐसे में अधिक देर तक ठंड में घर से बाहर न रहें। बाहर जाते समय गला, नाक, कान और सिर को ढक कर रखें। दवाइयों का सेवन नियमित रूप से करें।
सताएगा जोड़ों का दर्द
ठंड में अधिकतर लोगों को हड्डियों में दर्द की समस्या शुरू हो जाती है। जो लोग पहले से ही जोड़ों के दर्द से ग्रस्त हैं, उनमें समस्या अधिक देखने को मिलती है। ऐसा सर्दियों के दिनों में शरीर में स्टिफनेस बढ़ने के कारण भी होता है। यदि आपको गठिया है, तो यह मौसम तकलीफों भरा हो सकता है, खासकर तब, जब आप अपने ऊपर विशेष ध्यान न दें। सर्दी के दिनों में जोड़ों में सूजन आने की समस्या बढ़ जाती है। नसों में सिकुड़न आती है। ऐसे में जोड़ों का दर्द या हड्डियों से जुड़ी कोई अन्य समस्या से बचे रहने के लिए व्यायाम करें। खुद को जितना हो सके गर्म रखें।
पढ़ें- क्या आप गुर्दे से जुड़ी ये 10 अहम बातें जानते हैं, अगर नहीं तो जान लीजिए
रूखी-सूखी त्वचा
जिनकी त्वचा रूखी है, उनमें स्किन शुष्क होने की समस्या अधिक बढ़ने लगती है। इन दिनों वातावरण में नमी की मात्रा कम होने से ऐसा होता है। अच्छी क्वालिटी का मॉइस्चराइजर लगाएं। नारियल का तेल भी बेहतर विकल्प है। नहाने के बाद पूरे शरीर में तेल या लोशन लगाएं।
उच्च रक्तचाप में रहें सतर्क
सर्द हवाओं से बचना चाहते हैं, तो उच्च रक्तचाप और दिल की बीमारी से पीड़ित लोग सतर्क रहें। डॉक्टर्स के अनुसार, जिन्हें उच्च रक्तचाप की शिकायत है, उन्हें अधिक जागरूक रहने की आवश्यकता है। दरअसल, ठंड में पसीना नहीं आने से शरीर में नमक का स्तर बढ़ जाता है। इसी वजह से रक्त चाप भी बढ़ने लगता है। इन दिनों ब्लड प्रेशर सामान्य रहे, इसके लिए दवाओं का सेवन नियमित रूप से करें। प्रतिदिन एक्सरसाइज करें। पौष्टिक डाइट लें। खाने में नमक का इस्तेमाल सोच-समझकर करें।