MS Dhoni Birthday: भारतीय क्रिकेट टीम के 'कैप्टन कूल' के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी का आज जन्मदिन है। एमएस धोनी क्रिकेट प्रेमियों के बीच एक लीजेंड हैं, जिन्होंने इस खेल को एक नए आयाम पर पहुंचाया। विश्व कप हो या आईपीएल सीरीज, धोनी ने अपने शानदार प्रदर्शन से खेल जगत में अपनी अलग पहचान बना ली। खिलाड़ी होने के साथ ही एक कप्तान के तौर पर भी धोनी सफल रहे। धोनी के नाम कई उपलब्धियां हैं। वर्ल्ड कप में भारत को जीत दिलाकर धोनी ने इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज कराया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय क्रिकेट टीम का दमखम दिखाया। आईपीएल के दौरान सीएसके यानी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का नेतृत्व करते हुए कई बार जीत हासिल की। महेंद्र सिंह धोनी ने छोटी छोटी गलियों में छोटे से बल्ले से क्रिकेट खेलने की शुरुआत की थी लेकिन आज वह दुनियाभर के महान क्रिकेटरों में शामिल हो गए हैं। धोनी ने अपने दम पर केवल शोहरत ही नहीं बल्कि इज्जत, काफी पैसा, करोड़ों की संपत्ति और एक शानदार लग्जरी लाइफ भी कमाई है। चलिए जानते हैं महेंद्र सिंह धोनी की लग्जरी लाइफस्टाइल के बारे में।
MS Dhoni Net Worth: करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं एमएस धोनी, इतना शानदार है कार-बाइक का कलेक्शन
धोनी का क्रिकेट करियर
महेंद्र सिंह धोनी का जन्म रांची में हुआ था। 28 साल बाद धोनी की कप्तानी में साल 2011 में भारत वर्ल्ड कप मैच जीता था। धोनी बेस्ट फिनिशर, बेस्ट क्रिकेटर, बेस्ट विकेटकीपर और बेस्ट कप्तान रहे हैं। धोनी की कप्तानी में सीएसके ने चार आईपीएल सीजन जीते। इतना ही नहीं उनकी अगुवाई में सीएसके दो चैंपियंस लीग टी20 खिताब जीत चुकी है। इसके अलावा टीम को 9 बार आईपीएल के फाइनल तक पहुंचाया।
आईपीएल 2022 में धोनी की कीमत
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2022 के लिए महेंद्र सिंह धोनी को 12 करोड़ में रिटेन किया है। पहली बार सीएसके ने 2008 आईपीएल में धोनी को 6 करोड़ रुपये में खरीदा था। पिछले साथ उनकी बोली 15 करोड़ रुपये तक गई थी।
एमएस धोनी का घर
धोनी का रांची में आलीशान घर है। साल 2017 में धोनी इस घर में शिफ्ट हुए थे, जिसे उन्होंने 'कैलाशपति' नाम दिया है। जहां वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। इसके पहले वह रांची के 'हरमू हाउसिंग' के एक तीन मंजिला मकान में रहते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी का मुंबई में भी एक घर है। साल 2011 में देहरादून में उन्होंने एक लग्जरी घर खरीदा था, जिसकी कीमत लगभग 17.8 करोड़ रुपये है।
धोनी का कार और बाइक कलेक्शन
क्रिकेटर होने के साथ ही धोनी एक बाइकर भी हैं। उन्हें बाइक का काफी शौक है। उनके पास कई महंगी बाइक हैं, जिसमें Confederate Hellcat X32, हार्ले डेविडसन फैट बॉय, कावासाकी निंजा एच2 शामिल हैं। माही की पहली बाइक यामाहा आरडी 350 है। बात करें उनके कार कलेक्शन की तो माही के पास हमर एच2, निसान जोंगा, Jeep Grand Cherokee Trackhawk, लैंड रोवर फ्रीलैंडर 2, ऑडी क्यू7 जैसी करोड़ों की लग्जरी कारे भी हैं।