बॉलीवुड की क्वीन कंगना रनौत अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। अपनी बेहतरीन एक्टिंग से लोगों का दिल जीतने वाली कंगना रनौत ने अपने टैलेंट से बॉलीवुड में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। वह इंडस्ट्री की टॉप अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जो एक्टिंग और कमाई के मामले में सबसे आगे हैं। कंगना अपने लुक्स और फैशन सेंस के लिए भी मशहूर हैं। कंगना वेस्टर्न कपड़ों में जितनी ग्लैमरस दिखती हैं, भारतीय परिधानों खासकर साड़ी में उतनी ही पारंपरिक और खुबसूरत नजर आती हैं। उन्हें अक्सर साड़ी में देखा जाता है। घुंघराले बालों वाली कंगना रनौत का विवादों से भी गहरा नाता है। कभी अपने रिलेशनशिप तो कभी अपने विवादित बयानों से कंगना सुर्खियों में रहती हैं। 23 मार्च 1987 को कंगना रनौत का जन्म हुआ था। आज कंगना अपना 35वां जन्मदिन मना रही हैं। लंबे स्ट्रगल के बाद कंगना आज करोड़ों की संपत्ति की मालकिन बन चुकी हैं। वह एक फिल्म के लिए सबसे ज्यादा चार्ज करने वाली अभिनेत्रियों में शामिल हैं। चलिए जानते हैं कंगना रनौत की कुल संपत्ति और लग्जरी लाइफस्टाइल के बारे में।
Kangana Ranaut Net Worth: कंगना रणौत एक फिल्म के लिए करती हैं कितना चार्ज? जानिए नेटवर्थ और शौक
कंगना रनौत की नेटवर्थ
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंगना रनौत की कुल संपत्ति 13 मिलियन डॉलर यानी करीब 96 करोड़ रुपये है। एक मुख्य तौर पर अभिनय से मोटी कमाई करती हैं। इसके अलावा ब्रांड एंडोर्समेंट, मॉडलिंग आदि से भी कमाई करती हैं।
कंगना रनौत की कमाई
बात करें कंगना की कमाई की तो वह साल में करीब 15 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लेती हैं। वहीं महीने की उनकी इनकम लगभग एक करोड़ रुपये से ज्यादा की होती है। कंगना एक फिल्म के लिए सबसे ज्यादा चार्ज करने वाली अभिनेत्री हैं। हाल ही रिलीज हुई थलाइवी के लिए कंगना रनौत ने 24 करोड़ रुपये चार्ज किए थे। इसके अलावा एक ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए कंगना 3-3.5 करोड़ रुपये फीस लेती हैं।
कंगना रनौत का आलीशान घर
जब कंगना 17 साल की उम्र में मुंबई आईं तो उन्हें सड़कों पर रहना पड़ा लेकिन आज कंगना के पास मुंबई में शानदार घर है। कंगना का मुंबई में आलीशान घर है, जिसकी कीमत लगभग 15.5 करोड़ रुपये है। इसके अलावा मुंबई के पाली हिल्स में कंगना ने तीन मंजिला बिल्डिंग भी खरीदी है, जिसकी कीमत 20 करोड़ रुपये है। इस बिल्डिंग में कंगना ने अपना खुद का प्रोडक्शन हाउस का ऑफिस बना रखा है।
कंगना ने मनाली में भी 30 करोड़ की प्रॉपर्टी खरीदी है, जहां उन्होंने अपना एक मैंशन बनवाया है। इस मेंशन में कंगना ने ऑर्गेनिक फार्म, अस्तबल और कॉटेज भी तैयार करवाया है। उनके मनाली स्थित बंगले में 8 बेडरुम हैं।
कंगना रनौत का कार कलेक्शन
एक्ट्रेस कंगना रणौत असल जिंदगी में भी किसी क्वीन की तरह की रहती हैं। उनके पास शानदार और महंगी कारों का कलेक्शन है। कंगना ने बीएमडब्ल्यू सीरीज की अपनी पहली कार खरीदी थी। उसके बाद उन्होंने दुनिया की कुछ सबसे महंगी कारें खरीदी, जिसमें मर्सिडीज बेंज जीएलई क्लास एसयूवी है। उनकी कार की कीमत लगभग 1.25 करोड़ तक है।