सेहत को ठीक रखना चाहते हैं तो खान-पान में सुधार करना सबसे जरूरी हो जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को कम उम्र से ही आहार को लेकर विशेष सावधानी बरतते रहने की सलाह देते हैं। जब भी बात खान-पान को ठीक रखने की होती है तो सबसे पहले लोगों को चीनी वाली चीजें छोड़ने की सलाह दी जाती है।
Alert: सेहत के लिए चीनी से ज्यादा खतरनाक है ये चीज, शरीर को धीरे-धीरे कर रही है बीमार
- चीनी हमारी सेहत के लिए हानिकारक तो है ही, पर कई अध्ययन इस तरफ ध्यान आकृष्ट करते हैं कि तेल वाली चीजों का अधिक सेवन चीनी से ज्यादा नुकसानदायक हो सकता है।
अध्ययनों से क्या पता चला?
इसी संबंध में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा किए गए एक अध्ययन में पाया गया है कि जो लोग हफ्ते में 4 बार से ज्यादा डीप फ्राइड फूड खाते हैं, उनमें हृदय रोग और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा 50% तक बढ़ जाता है।
- इसी तरह अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लिनिकल न्यूट्रिशन की रिपोर्ट में बताया गया कि फ्राइड फूड में मौजूद ट्रांस फैट्स और एक्रिलामाइड जैसे तत्व कैंसरजनक हो सकते हैं, इससे स्तन और प्रोस्टेट कैंसर का खतरा कई गुना तक बढ़ सकता है।
तेल वाली चीजों का अधिक सेवन हानिकारक
तेल वाली चीजों का अधिक सेवन हमारी सेहत को और भी नुकसान पहुंचाता है। ट्रांस फैट्स (जैसे डल्ली के समोसे, जलेबी, बिस्किट, फ्रेंच फ्राइज) में मौजूद हाइड्रोजेनेटेड ऑयल सीधा रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाता है। इसके सा सैचुरेटेड और ट्रांस फैट का अत्यधिक सेवन दिल की बीमारियों का बड़ा कारण है।
सबसे गंभीर बात ये है कि तले हुए खाने से शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ता है, जो कैंसर जैसी कई घातक बीमारियों की जड़ है।
ज्यादा तेल वाली चीजें खाने से क्या दिक्कतें बढ़ती हैं?
ज्यादा तेल वाली चीजें खाना हमारी सेहत के लिए कई प्रकार से नुकसानदायक है।
- डीप फ्राइड चीजों में सैचुरेटेड और ट्रांस फैट्स होते हैं, जो बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ाते हैं इससे धमनियां सख्त होती हैं और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ता है।
- तेल वाली चीजों में कैलोरी बहुत ज्यादा होती है। रोजाना ऐसे खाने से शरीर में फैट जमा होता है और मोटापा तेजी से बढ़ता है।
- तली-भुनी चीजें शरीर में इंफ्लेमेशन (सूजन) को बढ़ाती हैं, जिससे इंसुलिन हार्मोन का कार्य प्रभावित होता है और डायबिटीज का जोखिम बढ़ता है।
- अधिक फैट और ट्रांस फैट्स लिवर को कमजोर करते हैं, जिससे फैटी लिवर की समस्या हो सकती है। यह आगे चलकर लिवर फेलियर तक पहुंच सकती है।
डॉ नरोत्तम बताते हैं, तली हुई चीजों का स्वाद भले ही हमारे मन ज्यादा भाता है पर ये धीरे-धीरे शरीर को बीमारियों का घर बना देती हैं। अच्छी सेहत चाहते हैं तो चीनी वाली चीजें तो कम खाना ही चाहिए पर इसके साथ जरूरी है कि आप तली-भुनी चीजें भी कम कर दीजिए।
-------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।