मधुमेह वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्या है, जिसका जोखिम कम उम्र के लोगों में भी देखा जा रहा है। आहार और लाइफस्टाइल में गड़बड़ी के कारण ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने और इसके कारण होने वाली समस्याओं का जोखिम हो सकता है। विशेषतौर पर आप क्या खाते हैं, ये सीधे तौर पर शुगर के स्तर को प्रभावित करती है। यही कारण है कि जिन लोगों को डायबिटीज की दिक्कत होती है उन्हें मीठी चीजों (चीनी वाली चीजों) का सेवन कम करने की सलाह दी जाती है।
Diabetes: डायबिटीज रोगियों के लिए चीनी जितना ही खतरनाक है नमक, क्या इससे भी बढ़ जाता है शुगर?
मधुमेह में आहार का रखें खास ध्यान
यूनिवर्सिटी ऑफ रोचेस्टर के शोधकर्ताओं ने कहा, मधुमेह वाले लोगों को चीनी की ही तरह से आहार में नमक (सोडियम) की भी मात्रा सीमित रखनी चाहिए। नमक का सेवन सीधे रक्त शर्करा को तो प्रभावित नहीं करता है, पर इसके कारण उच्च रक्तचाप, किडनी की बीमारी और हृदय रोग विकसित होने का जोखिम हो सकता है। इन सभी बीमारियों का जोखिम डायबिटीज के शिकार लोगों में अधिक देखा जाता रहा है। ऐसे में यदि आपके आहार में सोडियम की मात्रा अधिक है तो इसमें सुधार कर लें।
डायबिटीज रोगियों के लिए नमक भी हानिकारक
अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन (एडीए) का अनुमान है कि मधुमेह वाले 3 में से दो लोगों को उच्च रक्तचाप हो सकता है। इसके अलावा इनमें हृदय रोग या स्ट्रोक होने की आशंका अन्य लोगों की तुलना में दोगुनी होती है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सभी लोगों को प्रतिदिन नमक का सेवन 2,000 मिलीग्राम और चीनी का सेवन 35 ग्राम से अधिक न करने की सलाह देता है। जिन लोगों को मधुमेह की समस्या है उन्हें इसकी मात्रा को लेकर और अधिक सावधानी बरतते रहने की जरूरत है।
हार्ट-किडनी और ब्लड प्रेशर की समस्या
अकेले नमक की ही अधिक मात्रा आपके संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है। अधिक नमक के कारण सबसे पहले आप हाई ब्लड प्रेशर के शिकार होते हैं, जिससे हृदय रोग-हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा नमक की अधिकता को किडनी के लिए भी हानिकारक माना जाता है। किडनी रोगों की समस्या मधुमेह के शिकार लोगों में अधिक होती है। यही कारण है कि ज्यादा नमक और चीनी दोनों ही सेहत के लिए कई प्रकार से हानिकारक है।
तो फिर क्या खाएं?
ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल रखने और हाई ब्लड प्रेशर-कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं के जोखिमों से बचे रहने के लिए उन चीजों की आहार में मात्रा बढ़ा लें जो फाइबर से भरपूर होती है। हाई फाइबर वाले आहार मधुमेह के कारण होने वाली कई प्रकार की जटिलताओं को कम करने में मददगार हो सकते हैं। आहार में प्लांट बेस्ड चीजों, हरी सब्जियों और मौसमी फलों को शामिल करके स्वास्थ्य जटिलातओं को कम करने में मदद मिल सकती है।
-------------
स्रोत और संदर्भ
Watching Salt When You Have Diabetes
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।