मौसम बदलते ही वायरल संक्रमण और इसके कारण बुखार होना काफी आम है। हम सभी इससे अक्सर परेशान रहते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बुखार होना शरीर की प्रतिक्षा प्रतिक्रिया का हिस्सा है जो आपको संक्रमण और अन्य गंभीर स्थितियों से सुरक्षित रखने में मदद करता है, इसका मतलब है कि बुखार आना खराब नहीं है। हालांकि अगर आपको बार-बार बुखार आता है तो सावधान हो जाइए, ये किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है।
Repeated Fever: बार-बार बुखार होने की क्या वजह है? कहीं ये कोई गंभीर समस्या तो नहीं, जानिए विस्तार से
डॉ डेविड किप कहते हैं, आमतौर पर हम सभी बुखार को बीमारी मान लेते हैं पर असल में ये बीमारी होने पर शरीर की सुरक्षात्मक प्रतिक्रिया है। इसे ऐसे समझा जा सकता है कि बुखार होना शरीर का एक संकेत है, बीमारी नहीं। पर बार-बार बुखार होना ठीक नहीं है।
क्यों होता है बार-बार बुखार?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बुखार आने के कई कारण हो सकते हैं।
- मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारी की स्थिति में बार-बार ठंड लगकर बुखार आता है। इसके अलावा इसमें सिरदर्द और थकान भी महसूस होती है।
- टीबी वाले मरीजों को भी बार-बार बुखार होता रह सकता है, यह बीमारी बैक्टीरिया की वजह से होती है जिसकी प्रतिक्रिया में आपको बुखार हो सकता है। इसके अन्य लक्षणों में रात को पसीना आना, वजन कम होना और खांसी है। टीबी होने पर बार-बार बुखार आता है। गंदे पानी और खाद्य पदार्थों के सेवन से होने वाले टाइफाइड में भी लगातार बुखार आता है और पेट दर्द, उल्टी तथा सिरदर्द होता है।
यूटीआई और अन्य संक्रामक रोग
यूटीआई या औरतों में पेल्विक संक्रमण होने पर भी बार-बार बुखार आ सकता है। इसमें पेशाब करते समय जलन और पेट के निचले हिस्से में दर्द होता है। डेंगू होने की स्थिति में अचानक तेज बुखार आता है। इसके अलावा सिर, मांसपेशियों और जोड़ों में भी दर्द होता है।
इसी तरह से ल्यूपस होने पर शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली स्वस्थ ऊतकों पर हमला करती है। इसमें मरीज को हल्का बुखार आता है और जोड़ों में दर्द, थकान और त्वचा पर रैशेज हो सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं बुखार यदि दो या उससे अधिक दिनों तक रहता है तो डॉक्टर से सलाह लेकर इलाज कराएं और अपने मन से किसी भी प्रकार की दवाई लेने से परहेज करें।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जुगल किशोर बताते हैं, आमतौर पर बुखार 3 से 5 दिनों में ठीक हो जाता है, लेकिन कुछ लोगों को बार-बार बुखार आता है। कई बार ब्लड प्रेशर और कैंसर जैसी गंभीर स्वास्थ्य स्थितियों के कारण भी आपको बार-बार बुखार होता रह सकता है। अगर आपको भी इस तरह की समस्या है तो ऐसे में डॉक्टर से मिलकर जांच कराएं और सही उपचार प्राप्त करें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।