Medically Reviewed by Dr. Parvesh Malik
दुनियाभर में हुए तमाम अध्ययनों में स्पष्ट हो चुका है कि मौजूदा समय की हमारी जीवनशैली कई तरह की गंभीर शारीरिक समस्याओं का कारण बन सकती है। वैज्ञानिकों के मुताबिक कोरोना काल में लगे लॉकडाउन को संक्रमण से सुरक्षा के नजरिए से तो फायदेमंद माना जा सकता है, हालांकि इसने लोगों की जीवनशैली को इस तरह से खराब कर दिया है कि इसका प्रभाव लंबे समय तक देखने को मिल सकता है। लॉकडाउन के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना बंद हो गया है, इसके चलते शारीरिक गतिविधियों में काफी कमी आ गई है, लिहाजा लोगों का वजन बढ़ रहा है जो कई प्रकार की बीमारियों का कारण माना जा सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आहार में पौष्टिकता की कमी, शरीर को पर्याप्त आराम और नींद न मिल पाना हमें अंदर ही अंदर कमजोर बनाता जा रहा है। यह सभी आदतें न सिर्फ लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति अति-संवेदनशील बनाती हैं, साथ ही आयु को भी कम कर रही हैं। आइए इस लेख में विशेषज्ञों द्वारा सुझाए उन पांच आदतों के बारे में जानते हैं, जिनको जीवन में शामिल करके न सिर्फ आप मौजूदा समय में कोरोना संक्रमण से बचे रह सकते हैं, साथ ही आप लंबी और स्वस्थ जिंदगी का भी आनंद प्राप्त कर सकते हैं।
सलाह: जीवनशैली में शामिल कर लें यह पांच आदतें, पास भी नहीं आएगा कोरोना, मिलेगी स्वस्थ और लंबी जिंदगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तनाव मुक्त रहने की करें कोशिश
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक मानसिक तनाव और इम्यूनिटी का गहरा संबंध है। भले ही आपका खान-पान अच्छा है, नियमित दिनचर्या का पालन कर रहे हैं, लेकिन यदि आप तनाव के शिकार हैं तो यह आपके शरीर की संक्रमणों को मात देने की क्षमता को कम कर देता है। जब हम तनाव में होते हैं, तो इस समस्या को ठीक करने के शरीर कोर्टिसोल हार्मोन को रिलीज करना शुरू कर देता है। शरीर में कोर्टिसोल का उच्च स्तर समग्र प्रणाली को बाधित कर सकता है। तनाव, हमारी प्रतिरक्षा को कमजोर करने के साथ स्वास्थ्य संबंधी कई अन्य समस्याओं को जन्म दे सकता है। इसलिए तनाव मुक्त रहने के उपायों को प्रयोग में लाते रहें।
शराब और धूम्रपान से बना लें बिल्कुल दूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक शराब का सेवन शरीर के लिए कई तरह से नुकसानदायक हो सकता है। लिवर की कार्यप्रणाली को कमजोर करने के साथ यह संक्रमण से लड़ने की शरीर की क्षमता को भी कम कर देता है। इसलिए शरीर की इम्यूनिटी को बेहतर बनाए रखने के लिए शराब का सेवन बिल्कुल बंद कर दें। इसके अलावा धूम्रपान फेफड़ों के लिए काफी नुकसादयक माना जाता है, फेफड़ों को स्वस्थ रखने और प्रतिरक्षा प्रणाली को बेहतर बनाए रखने के लिए इससे बचना चाहिए।
पर्याप्त नींद लेना सभी के लिए आवश्यक
स्वस्थ जीवन के लिए पर्याप्त नींद लेना बहुत जरूरी है। नींद पूरी न होने से आपकी इम्युनिटी भी प्रभावित हो सकती है। जर्नल ऑफ एक्सपेरिमेंटल मेडिसिन में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार रात की नींद अच्छी लेने वालों में टी-कोशिकाएं को काफी सक्रिय पाया गया। टी कोशिकाएं शरीर में संक्रमण को कम करने और प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को बेहतर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि जो लोग बेहतर नींद लेते हैं उनकी प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया, नींद पूरी न कर पाने वाले लोगों की तुलना में बेहतर होती है।
स्वस्थ जीवन के लिए व्यायाम जरूरी
अध्ययनों के अनुसार जो लोग व्यायाम करते हैं उनके शरीर में टी-कोशिकाओं का उत्पादन, व्यायाम न करने वालों की तुलना में अधिक होता है। जर्नल ऑफ स्पोर्ट्स एंड हेल्थ साइंस में प्रकाशित 2019 के एक अध्ययन के अनुसार, व्यायाम करने से कई ऐसे हार्मोन का स्राव बढ़ जाता है जो प्राकृतिक रूप से प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को नियमित व्यायाम करने की सलाह देते हैं।