अगर आप ज्यादा जंक फूड खाते हैं तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। जंक फूड खाने से आपकी याददाश्त जा सकती है। आपके दिमाग की कार्यक्षमता कमजोर हो सकती है और आप अल्जाइमर की बीमारी के शिकार हो सकते हैं। इतना ही नहीं, जंक फूड आपको डाइबिटीज की बीमारी भी दे सकता है। एक नए शोध में इस बात की जानकारी दी गई है।
शोध में कहा गया है कि जो लोग हर रोज जंक फूड खाते हैं उनके दिमाग पर इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है। मस्तिष्क की कार्यक्षमता पर असर पड़ सकता है। यहां तक की याददाश्त भी कमजोर हो सकती है। ऑस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर निकोलस चेरुबिन का कहना है कि शोध में ठोस सुबूत मिले हैं कि फास्ट फूड खाने वाले लोगों को टाइप-2 डायबिटीज हो सकता है और उनके मस्तिष्क की कार्यक्षमता में गिरावट आ सकती है।ऐसे लोग डिमेंशिया के शिकार भी हो सकते हैं।
ऐसे में अगर आप ज्यादा बर्गर और पिज्जा खाते हैं तो सतर्क हो जाएं। इससे आपके दिमाग का स्वास्थ्य में तेजी से गिरावट आ सकती है। आपको बता दें कि दुनिया की 30 फीसदी से ज्यादा आबादी मोटापे का शिकार है। साल 2030 तक दुनिया की 10 फीसदी आबादी टाइप 2 डाइबिटीज का शिकार हो जाएगी। शोध में कहा गया है कि लोग ऐसा खाने ले रहे हैं जो उनके दिमाग के स्वास्थ्य के लिए घातक है।
इस शोध का कहना है कि खान-पान की अनियमित आदत और एक्सरसाइज नहीं करने की वजह से टाइप-2 डाइबिटीज हो सकता है। यह दिमाग के स्वास्थ्य के लिए भी घातक है। ज्यादा जंक फूड खाने से दिमाग सिकुड़ने और डिमेंशिया की समस्या हो सकती है। शोधकर्ताओं का कहना है कि पहले ही दिमाग के फंक्शन और टाइप 2 डाइबिटीज के बीच संबंध स्थापित हो चुका है। ऐसे में ज्यादा मात्रा में जंक फूड खाने की आदत में बदलाव लाएं।