गर्मियों में नींबू पानी को काफी पसंद किया जाता रहा है। ये पेय न सिर्फ शरीर को निर्जलीकरण से बचाती है साथ ही नींबू पानी पीने से सेहत को भी कई लाभ मिलते हैं। तेज गर्मी में शरीर को तरोताजा करने, नींबू में विटामिन-सी की मौजूदगी के कारण इम्युनिटी मजबूत होने सहित इसके कई लाभ हैं। पर इस तरह के फायदों के लिए कहीं आप बहुत अधिक मात्रा में तो इसका सेवन नहीं कर रहे हैं?
Summer Health: नींबू पानी पीते हैं तो जरूर पढ़ें ये खबर, कहीं फायदे की जगह नुकसान तो नहीं हो रहा शरीर को
पहले जान लीजिए इसके क्या-क्या फायदे हैं?
नींबू को कई प्रकार के पोषक तत्वों से भरपूर माना जाता है, मुख्यरूप से ये विटामिन-सी का सबसे अच्छा स्रोत है। इसे हृदय स्वास्थ्य के लिए अच्छा माना जाता है साथ ही कुछ अध्ययनों में पाया गया है कि खाली पेट गुनगुने पानी में नींबू और शहद मिलाकर इसका सेवन करने से वजन को कंट्रोल रखने में मदद मिल सकती है। नींबू पानी किडनी स्टोन से बचाने, एनीमिया के खतरे को कम करने और पाचन स्वास्थ्य में सुधार करने में भी आपके लिए मददगार है।
इन फायदों के इतर नींबू पानी पीने के कई दुष्प्रभाव भी हो सकते हैं जिसके बारे में जानना जरूरी है।
दांतो के लिए ये बहुत नुकसानदायक
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया नींबू के रस में लगभग 5-6% साइट्रिक एसिड होता है। इसके अधिक सेवन से नींबू पानी में मौजूद एसिड के संपर्क में आने से दांतों के इनेमल को काफी नुकसान हो सकता है। यहां तक कि नींबू पानी की अधिकता दांतों की कठोर बाहरी परत से लेकर डेंटिन तक को क्षति पहुंचा सकती है। डेंटिन इनेमल के नीचे की परत है जो तंत्रिकाओं की रक्षा करती है और दांत की मुख्य सहायक संरचना है।
बढ़ सकती है हार्ट बर्न की समस्या
बहुत अधिक मात्रा में नींबू पानी हो या खट्टे फलों का सेवन करने वाले लोगों को पेट संबंधी विभिन्न समस्याएं होने का खतरा रहता है। इसकी अधिकता एसिड रिफ्लक्स, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याओं, मतली-उल्टी जैसी दिक्कतों का कारण बन सकती है। अधिक मात्रा में नींबू पानी पीने के कारण पेट में अमल्ता बढ़ने का खतरा रहता है। जिन लोगों को पहले से ही हार्ट बर्न की दिक्कत रहती है उन्हें अधिक मात्रा में नींबू पानी पीने से बचना चाहिए।
इन सावधानियों का रखें ध्यान
नींबू पानी से होने वाले दुष्प्रभावों से बचाव के लिए कुछ प्रकार के उपायों से लाभ पाया जा सकता है।
- नींबू के रस को ठंडे पानी में आधा-आधा अनुपात में मिलाएं। ठंडा पानी नींबू की घुलनशीलता को कम कर देता है जिससे यह इनेमल को कम नुकसान पहुंचाता है।
- नींबू पानी पीने के लिए स्ट्रॉ का उपयोग करें और इससे दांतों से इसका सीधा संपर्क नहीं होता है।
- नींबू पानी के एसिड लार में मिलकर भी दांतों को क्षति पहुंचा सकते हैं। इससे बचावे के लिए नींबू पानी पीने के बाद अच्छे से कुल्ला जरूर करें।
- साइट्रिक एसिड के क्षयकारी प्रभाव को कम करने के लिए नींबू पानी पीने के लगभग एक घंटे बाद अपने दांतों को अच्छे से साफ करें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।