डॉ सिद्धार्थ गुप्ता
कोरोना अलर्ट: लक्षण दिखने के कितने दिन बाद कराएं जांच, कब हों क्वारंटाइन, जानें ऐसे ही कई जरूरी सवालों के जवाब
लक्षणों का रखें ध्यान
- कोरोना की दूसरी लहर पहले के मुकाबले काफी खतरनाक है। इस बार युवा लोग भी काफी ज्यादा संक्रमित हो रहे हैं। ऐसे में आपको लक्षणों को अनदेखा नहीं करना है, क्योंकि ऐसा करने से आगे चलकर फेफड़ों में दिक्कतें और ऑक्सीजन की कमी आदि की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
ये हैं लक्षण-
सर्दी-जुकाम
तेज बुखार
गले में खराश
नाक का बहना
सांस लेने में दिक्कत
आंखों का लाल होना
सिर दर्द होना
मांसपेशियों या पूरे शरीर में दर्द आदि।
पहले ही दिन हो जाएं क्वारंटाइन
- अगर आपको अपने में कोरोना वायरस के शुरुआती लक्षण नजर आते हैं, तो आपको उसी वक्त यानी पहले दिन से ही खुद को बाकी लोगों से अलग कर लेना चाहिए। जांच की रिपोर्ट आने का इंतजार न करें, बल्कि खुद को क्वारंटाइन करना ही समझदारी है। अपने खाने वाले बर्तन, अपने कपड़े आदि जरूरत का सामान लेकर एक अलग कमरे में खुद को क्वारंटाइन करें।
तीन दिन बाद जांच कराएं
- लोग इस बात को लेकर भी उलझन में रहते हैं कि लक्षण दिखने के कितने दिन बाद उन्हें कोरोना टेस्ट कराना चाहिए। अक्सर देखा जाता है कि लोग शुरुआती लक्षण दिखने पर ही बहुत जल्दी जांच कराने के लिए पहुंच जाते हैं, जिसके कारण कई बार उनकी रिपोर्ट निगेटिव आ जाती है। जबकि विशेषज्ञ मानते हैं कि संक्रमण का संकेत दिखने के तीन बाद टेस्ट कराना सही समय है। हालांकि, लक्षण दिखते ही टेस्ट कराने में भी कोई बुराई नहीं है।