दीवाली पर अगर आपके खाते में एक दम से दो महीने की सैलरी आ जाए तो आप शायद सोचेंगे कि बोनस आया है, लेकिन जैसे ही आपसे पैसे वापस करने के लिए कह दिया जाए तो आपका चेहरा देखने लायक होगा... और आप क्या कहेंगे ये तो कहो शायद समाने वाला सुन भी न सके।
आपको बता दें कि कुछ ऐसा ही वाक्या पंजाब के अमृतसर में हुआ है। दरअसल अमृतसर में सरकारी कर्मचारियों की खुशी का उस समय कोई ठिकाना नहीं था जब उनके खाते में अक्टूबर महीने की सैलरी दो बार क्रेडिट होने का मैसेज आ गया। लेकिन कुछ समय बाद ही इन कर्मचारियों की खुशी काफूर हो गई जब मैसेज आ गया कि भूल से उनके बैंक खातों में अतिरिक्त रकम चली गयी है और वे उस अतिरिक्त राशि को नहीं निकालें।
आपको बता दें कि बाद में पता चला कि यह सॉफ्टवेयर की गलती से हुआ है। इसके कारण कुछ कर्मचारियों के बैंक खातों में दो बार वेतन चला गया है। बाद में कर्मचारियों को सूचित किया गया कि आपके बैंक खातों में तकनीकी त्रुटि के कारण अतिरिक्त रकम आ गई है जिसे न निकालें। इसे विभाग वापस लेगा।
इस बारे में जिला कोष अधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालय के प्रमुखों को सूचना भेज दी गई है। उन्हें बता दिया गया है किन कर्मचारियों के बैंक खातों में दो बार वेतन चला गया है, जल्द ही यह रकम वापस ले ली जाएगी। यह घटना दफ्तरों से लेकर सोशल मीडिया तक में छाई हुई है। लोग इस पर चुटकी लें रहे हैं और रोचक प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।