‘छोटा भीम’, ‘लिटिल कृष्णा’ और ‘लिटिल सिंघम’ के बाद भारतीय टेलीविजन पर अब बारी है लिटिल ‘येशु’ की। आने वाले सोमवार से टेलीविजन पर एक नया धारावाहिक शुरू होने जा रहा है जिसमें ईसाई धर्म के प्रवर्तक ईसा मसीह की बाल लीलाएं दिखाई जाएंगी। खास बात ये है कि इस धारावाहिक को बदलते माहौल को देखते हुए एक नए परिप्रेक्ष्य में पेश किया जाएगा और इस बार येशु का जन्म भेड़ों को रखने वाली जगह की बजाय एक गौशाला में होगा।
‘छोटा भीम’, ‘लिटिल कृष्णा’ और ‘लिटिल सिंघम’ के बाद अब बारी लिटिल ‘येशु’ की, गौशाला में होगा जन्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिंदुओं की पौराणिक कथाओं में वर्णित देवताओं के बचपन पर आधारित धारावाहिक तो टीवी पर अब तक बहुत देखे गए हैं लेकिन इस बार ईसाइयों के भगवान येशु के बचपन की कहानी टीवी पर दिखाई जाने वाली है। हालांकि, धारावाहिक के निर्माताओं का कहना है कि इसे किसी धर्म, जाति या समुदाय से जोड़कर न देखा जाए, बल्कि यह कहानी एक बच्चे और उसकी मां के बीच प्रेम की है।
मंगलवार को धारावाहिक 'येशु' की लॉन्चिंग के लिए हुई ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान धारावाहिक में राजा हेरेड की भूमिका निभाने वाले अभिनेता दर्पण श्रीवास्तव ने कहा कि यह शो हिंदी भाषी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी काफी आकर्षित करेगा। दर्पण कहते हैं, 'यह कहानी एक बच्चे की है जो करुणामयी और परोपकारी है। वह किसी को दुखी होता हुआ नहीं देख सकता। इस कहानी को किसी जाति विशेष के लिए नहीं बनाया गया। बेहतर होगा कि इसे एक मां और उसके बच्चे की कहानी समझ कर देखा जाए।'
धारावाहिक 'येशु' में यीशु के पिता जोसेफ का किरदार निभाने वाले कलाकार आर्य धर्मचंद कुमार का कहना है कि इस धारावाहिक की कहानी हिंदी में है इसलिए हिंदी भाषी दर्शकों को तो यह सबसे पहले प्रभावित करेगी। आर्या कहते हैं, 'इस धारावाहिक की कहानी किसी जाति या धर्म से संबंध नहीं रखती, बल्कि वह तो वैश्विक है। रही बात भाषा की तो यह देश की सबसे बड़ी भाषा हिंदी में है तो इससे दर्शक खुद ब खुद जुड़ जाएंगे। सिर्फ हिंदी भाषा की नहीं, बल्कि इसको सभी लोग पसंद करेंगे। इसका कारण यह है कि इस शो की कहानी बुराई पर अच्छाई की जीत पर आधारित है।'
टीवी की मशहूर अभिनेत्री सोनाली निकम भी धारावाहिक 'येशु' का हिस्सा हैं। वह इस धारावाहिक में येशु की मां का किरदार निभा रही है। इस किरदार को निभाने के लिए सोनाली अक्सर अपनी मां के नुस्खे इस्तेमाल करती हैं। सोनाली ने बताया कि जब वह घर पर रूठ जाती थीं तो उनकी मां किस तरह मनाने की कोशिश करती थीं? और किस तरह बात करने के बहाने ढूंढा करती थीं? वहां स्थितियां जरूर अलग थी लेकिन तरीका एक जैसा ही है। सोनाली ने कहा, 'मैं भी मैरी के किरदार में येशु को मनाने के लिए कुछ इस तरह के ही काम करने की कोशिश करती हूं।'
धारावाहिक में येशु की भूमिका निभा रहे हैं बाल कलाकार विवान शाह। विवान इस समय सिर्फ साढ़े छह साल के हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विवान भी मौजूद रहे। उन्होंने येशु के किरदार से मिली सीख के बारे में कहा, 'मैंने इस किरदार से सीखा है कि पुराने जमाने में लोग कैसे रहते थे? कैसे खाना खाते थे? और किस तरह बुराई के सामने सच्चाई का साथ देते थे? मैं तो अक्सर पटकथा ही पढ़ता रहता हूं और मुझे सबसे ज्यादा सिखाने का काम जोसेफ (आर्या धर्मचंद कुमार) करते हैं। सोनाली मम्मी (सोनाली निकम) भी मुझे बहुत कुछ सिखाती हैं।'