करीब 20 साल पहले फिल्म निर्देशन को अलविदा कह चुके महेश भट्ट अब एक्टिंग डेब्यू करने जा रहे हैं। खबर है कि वह फिल्म 'मिर्जा' में अभिनय की शुरुआत करेंगे। फिल्म में वह एक्ट्रेस और अपनी पत्नी सोनी राजदान के साथ नजर आएंगे। सोनी राजदान इससे पहले साल 2013 में फिल्म 'शूटआउट एट वडाला' में नजर आई थीं।
2 of 5
mahesh bhatt, soni razdan
फिल्म 'मिर्जा' का निर्देशन तारिक खान करेंगे। तारिक ने इससे पहले साल 2009 से फिल्म 'एक से बुरे दो' बनाई थी। अरशद वारसी और राजपाल यादव स्टारर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई थी। फिल्म फ्लॉप होने के बाद तारिक को कोई प्रोजेक्ट नहीं मिला।
वेबसाइट 'पिंकविला' की रिपोर्ट के मुताबिक जब तारिक खान ने फिल्म 'मिर्जा' की स्क्रिप्ट के साथ महेश भट्ट को अप्रोच किया तो वह उन्हें पसंद आई और वह इसमें एक्टिंग करने के लिए तैयार हो गए। हालांकि, फिलहाल फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने नहीं आई हैं।
बता दें कि महेश भट्ट इन दिनों टीवी सीरियल 'नामकरण' का निर्देशन कर रहे हैं। इसके अलावा वह रियलिटी शो 'इंडियाज नेक्स्ट सुपरस्टार्स' के कंटेस्टेंट्स को एक्टिंग की बारीकियां सिखाते नजर आ रहे हैं। साल 1999 में आई अजय देवगन स्टारर फिल्म 'जख्म' का निर्देशन महेश भट्ट ने किया। इसके बाद से अभी तक उन्होंने किसी फिल्म को डायरेक्ट नहीं किया। हालांकि, उन्होंने स्क्रिप्ट राइटिंग और फिल्म प्रोडक्शन का काम जारी रखा।
फिल्म 'मिर्जा' से पहले सोनी राजदान फिल्म 'राजी' में नजर आएंगी। मेघना गुलजार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में सोनी राजदान अपनी बेटी आलिया भट्ट के साथ दिखेंगी। ब्रिटिश मूल की एक्ट्रेस सोनी राजदान टीवी सीरियल 'बुनियाद' में पहली बार नजर आई थीं। फिल्मों में उन्होंने एक्टिंग डेब्यू '36 चौरंगी लेन' से की थी।