टाइगर श्रॉफ की फिल्म बागी 2 की बॉक्स ऑफिस पर कमाई की बौछार जारी है। यह फिल्म लगातार एक के बाद एक बड़े एक्टर्स की फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ रही है। अहमद खान के निर्देशन में बनी टाइगर की यह फिल्म उनके करियर की सर्वाधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गयी है। देशभर में बॉक्स ऑफिस पर 11 दिनों में बागी 2 ने 175 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
फिल्म ने भारतीय बाजार और ओवरसीज बिजनेस मिलाकर कुल 215 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के ट्वीट के मुताबिक, बागी 2 ने 25 करोड़ 10 लाख रूपये से शानदार ओपनिंग ली थी। फिल्म ने पहले हफ्ते में 112 करोड़ 85 लाख रुपये का कलेक्शन किया।
दूसरे वीकेंड में इस फिल्म ने 22 करोड़ 50 लाख रुपये का कलेक्शन किया। एक्शन से भरपूर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार पकड़ बना रखी है और हर दिन बेहतर कारोबार कर रही है। इस हफ्ते इरफान खान की ब्लैकमेल रिलीज हुई है। फिल्म को क्रिटिक्स ने खूब सराहा है। कहा जा रहा था इस फिल्म के रिलीज से बागी 2 पर असर पड़ेगा, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की पकड़ मजबूत बनी है।
फिल्म रिलीज होने के बाद से टाइगर श्रॉफ काफी तारीफ बटोर रहे हैं। रितिक रोशन ने टाइगर को अल्टीमेट एक्शन हीरो का खिताब दे दिया, वहीं अक्षय कुमार और अनिल कपूर ने भी युवा अभिनेता की खूब सराहना की है।