साल 2020 की शुरुआत अजय देवगन की 100वीं फिल्म 'तानाजी द अनसंग वॉरियर' से हुई। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल करते हुए करीब 280 करोड़ रुपये की कमाई की। इस फिल्म ने मराठी सिनेमा से जुड़े निर्देशक ओम राउत को हिंदी सिनेमा में अच्छी शोहरत प्रदान की। ओम राउत खुद भी इस फिल्म के लिए अजय का शुक्रिया अदा करते हुए नहीं थकते हैं।
एक्शन है तानाजी के डायरेक्टर का पहला प्यार, बोले, जरूर बनाऊंगा 'अनसंग वॉरियर' की अगली फिल्म
ओम राउत को फिल्म के मध्य में पता चला था कि यह अजय देवगन की 100वीं फिल्म है। वह अजय का शुक्रिया अदा भी करते हैं जिसके चलते अब तानाजी की कहानी बच्चे-बच्चे की जुबान पर है। वहीं वह अजय देवगन को एक बेहतरीन निर्माता भी मानते हैं जिन्होंने इस एक्शन फिल्म के स्तर को उठाने के लिए बड़े फैसले बिना संकोच के किए।
ओम के अनुसार, 'ज्यादातर ऐतिहासिक फिल्म तीन घंटे से अधिक समय सीमा की होती है। हालांकि 'तानाजी...' की समय सीमा मात्र दो घंटे नौ मिनट ही रखी गई। आधुनिक सिनेमा का यही मतलब है। आज के दौर में अगर फिल्म को बेवजह खींचा जाता है तो दर्शक की रुचि खत्म हो जाती है। इस फिल्म के बाद अजय ऐसे ही अनसंग हीरोज को लेकर फ्रेंचाइजी की शुरुआत कर रहे हैं। इस बारे में ओम से पूछे जाने पर कि क्या उनके पास कोई स्क्रिप्ट तैयार है तो उनका कहना है कि उन्हें आगे के प्लान के बारे में तो पता है लेकिन अभी विषय तय नहीं किया गया है। उन्होंने भरोसा जताया है कि भविष्य में वह इस फ्रेंचाइजी से जुड़ी फिल्म का निर्माण जरूर करेंगे।
ओम राउत के अनुसार 'तानाजी...' ने इंडस्ट्री को नए तरह का एक्शन दिया है। उनके मुताबिक, 'यह पश्चिमी तलवारबाजी के समुराई और मराठा योद्धा तकनीकों के बीच का एक संकर मॉडल था। मुझे एक्शन पसंद है। ऐसी फिल्में करने से मुझे मन से काफी खुशी होती है। अमिताभ बच्चन अपने समय के बेहतरीन एक्शन हीरो रहे हैं। उनकी तरह का एक्शन आज भी काम करेगा अगर उसे सही तरह से प्रदर्शित किया जाए।'
वहीं ऐसी चर्चा भी रही है कि ओम राउत एक फिल्म को लेकर ऋतिक रोशन को भी अप्रोच कर चुके हैं। इस बारे में वह बताते हैं, 'ऋतिक करीबी दोस्त हैं। वह एक बेहतरीन इंसान है जो सिनेमा के प्रति जुनूनी है। अगर कुछ उनके अनुसार लिखा जाता है तो हम एक साथ जरूर काम करेंगे।' ओम राउत जल्द ही कार्तिक आर्यन के साथ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म में नजर आने वाले हैं। यह कार्तिक की पहली एक्शन फिल्म होगी जिसका निर्माण भूषण कुमार कर रहे हैं। फिल्म का नाम अभी तय नहीं किया गया है।
परफेक्शन में विश्वास रखते थे ऋषि कपूर, रणबीर ने बताया था पिता की सिनेमा में लंबी पारी का ये राज