शिल्पा शेट्टी और सलमान खान बॉलीवुड में अच्छे दोस्त माने जाते हैं। दोनों ने एक साथ 'औजार', 'गर्व: प्राइड एंड ऑनर', 'फिर मिलेंगे' और 'शादी कर के फंस गया यार' जैसी फिल्में की हैं। जहां एक तरफ सलमान अपनी अपकमिंग फिल्म भारत और बिग बॉस 12 को लेकर चर्चा में हैं। वहीं शिल्पा शेट्टी अपने नए शो 'हियर मी लव मी' की वजह से चर्चा में हैं।
एक इंटरव्यू में शिल्पा शेट्टी ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई खुलासे किए हैं। सलमान खान को डेट करने के सवाल पर शिल्पा ने कहा कि वह और सलमान सिर्फ दोस्त हैं और इससे ज्यादा उनके बीच कभी कुछ नहीं रहा। उन्होंने यह भी कहा कि सलमान आधी रात को मेरे घर आकर मेरे पापा के साथ ड्रिंक करते थे। मैं सोई रहती थी और वो मेरे पापा के साथ बैठ कर घंटों बातें करते थे लेकिन जब मेरे पिता का निधन हुआ उस दिन वो मेरे घर आए। सलमान काफी उदास थे और बार काउंटर पर सिर झुकाकर बैठ गए।
ब्रेकअप पर शिल्पा ने कहा कि, 'मेरे दोस्तों ने एक बार एक लड़के से शर्त लगाई थी। उससे कहा था कि वह मेरे साथ रिलेशनशिप बनाए। मैं लड़के के प्यार में थी, लेकिन जल्दी ही हमारा ब्रेकअप हो गया। उस लड़के का मकसद सिर्फ शर्त जीतना था। ये सच जानकर मैं निराश हो गई। मेरा दिल टूट गया था।'
शिल्पा ने कहा सलमान खान के साथ मेरे अफेयर की खबरें अफवाह थी। सलमान और मैं अच्छे दोस्त रहे हैं। हम तो कभी डेट पर भी नहीं गए। सलमान खान एक अच्छे इंसान हैं। हालांकि ये बात सभी जानते हैं कि शिल्पा शेट्टी अक्षय कुमार के साथ सीरियस रिलेशनशिप में थीं लेकिन बाद में दोनों का ब्रेकअप हो गया। शिल्पा ने एक इंटरव्यू में कहा था- अक्षय ने उन्हें यूज करके छोड़ दिया।
शिल्पा ने अपने पति राज कुंद्रा के साथ रिलेशनशिप की शुरुआत पर भी बात की। शिल्पा ने बताया राज के पास मेरी कुछ चीजें थी जिसे देने वो लंदन से मुंबई आ गए थे। हम पहली बार उनके घर पर मिले थे। शिल्पा ने बताया कि उस समय वे राज के प्रति बिल्कुल भी आकर्षित नहीं थीं। राज लंदन में सेटल थे, लेकिन मैं मुंबई से लंदन सेटल नहीं होना चाहती थी। बता दें कि राज कुंद्रा और शिल्पा ने 2009 में शादी की थी।