बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा इन दिनों अपनी फिल्म साइना को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में उन्होंने बैंडमिटन प्लेयर साइना नेहवाल का किरदार निभाया है, जिसके लिए उनकी जमकर तारीफ हो रही है। इसी बीच अभिनेत्री खुलासा किया है कि करियर के शुरुआती दिनों में परिणीति चोपड़ा को अपने बढ़े हुए वजन के चलते काफी आलोचना का शिकार होना पड़ा था।
बढ़े हुए वजन के चलते उड़ता था परिणीति चोपड़ा का मजाक, अभिनेत्री ने बॉडी शेमिंग करने वालों को दिया करार जवाब
उन्होंने अपने इंटरव्यू में बताया कि वे ऐसे लोगों से सहमत थीं। परिणीति कहती हैं, 'मैं उनसे सहमत थी कि मैं सबसे अच्छी नहीं देख रही थी। मैं फिटनेस के लिए अपना बेस्ट नहीं दे रही थी।' परिणीति ने कहा, 'मुझे लगता है कि मैं आहत तब होती, जब मैं जो कर सकती थी, वह सबकुछ कर रही होती और मैं वाकई एकदम फिट होती और लोग मेरे लुक को पसंद नहीं कर रहे होते। मुझे लगता है कि इसका मुझपर असर होता। लेकिन मैं उनसे सहमत थी, क्योंकि मुझे पता था कि मैं अपना बेस्ट नहीं कर रही थी।'
अभिनेत्री ने बॉडी शेमिंग पर टिप्पणी देते हुए कहा, 'यह पृथ्वी पर सबसे बकवास चीज है। यह इस तरह है कि किसी की आंखें काली है तो उसे उसके लिए परेशान करना। ' वह आगे कहती हैं, 'यह बहुत ही सामान्य बात है और आपको अपनी फिटनेस पर ध्यान देना चाहिए। समस्या यह है कि लोग अपनी तुलना पर्दे पर दिख रहे लोगों से करते हैं। जबकि आपको बस फिट होना चाहिए।'
गौरतलब है कि 2011 में परिणीति चोपड़ा ने 'लेडीज वर्सेस रिकी बहल' से बॉलीवुड डेब्यू किया था। हालांकि, उन्हें पहचान 2012 में रिलीज हुई 'इशकजादे से मिली थी। 'शुद्ध देसी रोमांस', 'गोलमाल अगेन', 'केसरी' और 'जबरिया जोड़ी' जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं परिणीति इस साल बैक टू बैक तीन फिल्मों की रिलीज को लेकर चर्चा में हैं।