15 अगस्त को रिलीज होने जा रही अपनी फिल्म मिशन मंगल की रिलीज से ठीक पहले खिलाड़ी कुमार के नाम से मशहूर रहे अभिनेता अक्षय कुमार को एक नया नाम मिला है, गारंटी कुमार। अक्षय की फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर हिट होने की गारंटी मानने के चलते यह नाम भले दिया जा रहा हो लेकिन खुद अक्षय का कहना है कि उन्हें आश्चर्य नहीं होगा अगर उनके करियर में फिर से फ्लॉप फिल्मों का सिलसिला शुरू हो जाए।
2 of 4
अक्षय कुमार
- फोटो : social media
अक्षय की पिछली तीन फिल्मों टॉयलेट एक प्रेम कथा, गोल्ड और केसरी ने बॉक्स ऑफिस पर औसत से लेकर अच्छा कारोबार तक किया है। लेकिन, जिस सुपर डुपर हिट फिल्म की उम्मीदें अक्षय कुमार के फैंस उनसे लगाए बैठे हैं, वैसी फिल्म अक्षय कुमार की तेजी से बन रही फिल्म सूर्यवंशी ही हो सकती है। अक्षय की छवि हिंदी सिनेमा में एक एक्शन स्टार की रही है लेकिन पिछले कुछ अरसे से वह सामाजिक संदेश देने वाली फिल्में ही ज्यादा कर रहे हैं। अपनी एक्शन हीरो छवि फिर से पाने के लिए अक्षय ने हाल ही में साउथ की दो फिल्मों के रीमेक का भी ऐलान किया है।
3 of 4
Akshay Kumar
- फोटो : amar ujala
अक्षय मानते हैं कि जीवन में कुछ भी पहले से तय नहीं होता। एक समाचार एजेंसी के रिपोर्टर ने मुंबई में चल रे एक इंटरव्यू के दौरान जब गारंटी कुमार का तमगा दिया तो अक्षय ने कहा, ‘दर्शक अब बहुत ज्यादा बिंदास हो गए हैं। वे अब किसी की परवाह नहीं करते और उनके मन को जो अच्छा लगता है वे वही बोलती हैं। अगर लोग मुझे गारंटी कुमार बोलने लगे हैं तो मुझे इससे खुशी ही होती है लेकिन यहां किसी फिल्म की कोई गारंटी नहीं है। कई बार मुझे लगता है कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल करेगी लेकिन ऐसा होता नहीं है। जब तक फिल्म रिलीज नहीं हो जाती आपको पता नहीं होता कि फिल्म का हश्र क्या होगा?’
4 of 4
Akshay Kumar
- फोटो : social media
अक्षय इन दिनों अपनी फिल्म मिशन मंगल के प्रचार में जुटे हुए हैं और ज्यादातर हिंदी और भारतीय भाषाओं के अखबारों के पत्रकारों से समूहों में बातें कर रहे हैं। उनकी आधिकारिक प्रवक्ता का कहना है कि हिंदी अखबारों के लिए अलग से बात करने का उनके पास समय नहीं है। समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए अक्षय ने ये भी कहा कि जब मैंने लाइन से 14-15 फिल्में फ्लॉप दीं तो लोगों ने मेरा करियर खत्म समझ लिया लेकिन यही लोग मेरी फिल्में हिट होने पर फिर से मेरी तारीफें करने लगे। उन्होंने कहा कि जीवन में उतार चढ़ाव लगे रहते हैं और हमें इनके साथ ही आगे बढ़ना सीखना होगा। मिशन मंगल की रिलीज के बाद अक्षय कुमार की जो फिल्में रिलीज की कतार में हैं, उनमें शामिल हैं, हाउसफुल 4, गुड न्यूज़, इक्का, सूर्यवंशी और लक्ष्मी बॉम्ब।