कोरोना की पहली लहर के दौरान टली अभिनेत्री कंगना रणौत की फिल्म ‘थलाइवी’ अब अगले महीने रिलीज होने जा रही है। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रहीं अभिनेत्री से राजनेत्री बनीं जयललिता की कहानी कहती इस फिल्म को तीन भाषाओं में रिलीज किया जा रहा है। फिल्म के निर्माताओं ने इसकी रिलीज की नई तारीख के साथ ही फिल्म के हिंदी, तमिल और तेलुगू में नए पोस्टर भी जारी कर दिए हैं। फिल्म के पोस्टर देखने से पता चलता है कि संभवत: अंक ज्योतिष के हिसाब से ही इसकी अंग्रेजी की वर्तनी में एक ‘आई’ और जोड़ दिया गया है।
अक्षय कुमार की फिल्म ‘बेलबॉटम’ के सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद तमाम हिंदी फिल्में भी रिलीज की कतार में लग चुकी हैं। आने वाले शुक्रवार को अमिताभ बच्चन, इमरान हाशमी, अन्नू कपूर और रिया चक्रवर्ती स्टारर फिल्म ‘चेहरे’ सिनेमाघरों में पहुंच रही है।
2 of 5
कंगना रणौत
- फोटो : Twitter- @KanganaTeam
माना जा रहा है कि इस हफ्ते महाराष्ट्र के भी तमाम सिनेमाघरों को खोलने को लेकर राज्य की उद्धव ठाकरे सरकार फैसला ले सकती है। ऐसा हुआ तो हिंदी फिल्मों की रिलीज रफ्तार पकड़ सकती है और तमाम दूसरी फिल्मों की रिलीज की तारीखें भी नए सिरे से आगे पीछे हो सकती हैं।
3 of 5
थलाइवी
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
कंगना रणौत ने हाल ही में अपनी स्पाई थ्रिलर ‘धाकड़’ की शूटिंग पूरी की है। उनके विदेश लौटने के बाद ही उनकी पिछले साल बनकर पूरी हो चुकी फिल्म ‘थलाइवी’ की रिलीज डेट का एलान किया गया है। पिछले साल फिल्म की रिलीज कोरोना की दूसरी लहर के चलते फिर से बंद हुए सिनेमाघरों के चलते अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई थी। तब ये फिल्म 23 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी।
4 of 5
थलाइवी
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म ‘थलाइवी’ की शूटिंग पूरी हुए अब करीब डेढ़ साल से ज्यादा का वक्त बीत चुका है। फिल्म बनाने वाली कंपनी विब्री मीडिया ने फिल्म ‘थलाइवी’ की नई रिलीज डेट का एलान सोशल मीडिया पर किया। इस सूचना में फिल्म की नई रिलीज डेट 10 सितंबर बताई गई है। ये सूचना फिल्म के तीन भाषाओं में बने नए पोस्टरों के साथ जारी की गई। इनमें से अंग्रेजी में बने पोस्टर में फिल्म की वर्तनी में एक अतिरिक्त ‘आई’ भी जोड़ दिया गया है।
5 of 5
फिल्म थलाइवी
- फोटो : Instagram
फिल्म ‘थलाइवी’ हिंदी में भी रिलीज होनी है और सूचना व प्रसारण मंत्रालय ने हिंदी में रिलीज होने वाली फिल्मों के पोस्टर व क्रेडिट्स हिंदी में भी होने के लिए साफ निर्देश दे रखे हैं लेकिन निर्माताओं ने इसका नया पोस्टर हिंदी में फिलहाल जारी नहीं किया है। ए एल विजय के निर्देशन में बनी फिल्म ‘थलाइवी’ का निर्माण विब्री मोशन पिक्चर्स और कर्मा मीडिया एंड एंटरटेनमेंट नामक कंपनियों ने मिलकर किया है। फिल्म में कंगना के अलावा अरविंद स्वामी, नासर, भाग्यश्री, मधु बाला, थंबी रामैया, समुथीरकानी और विद्या प्रदीप की भी अहम भूमिकाएं हैं। फिल्म का संगीत जीवी प्रकाश कुमार ने तैयार किया है।