बॉलीवुड की अभिनेत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद जया बच्चन ने राजनीति में अपने और अपने पति बॉलीवुड के शहंशाह के सफर को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने अमिताभ के राजनीति में न टिक पाने की वजह भी बताई।
दरअसल हाल ही में वह इंडियन एक्सप्रेस के कार्यक्रम आइडिया एक्सचेंज में पहुंची थी। इस दौरान उनसे जब यह सवाल पूछा गया कि अमिताभ जी ने जल्द राजनीति क्यों छोड़ दी जबकि वह खुद लंबे समय से राजनीति में बनी हुई हैं? इसके जवाब में जया ने बताया कि बिग बी ने भावुक होकर राजनीति ज्वाइन तो कर ली थी, लेकिन उन्हें इस बात का जल्दी ही एहसास हो गया थी कि वह राजनीति नहीं कर सकते हैं।
जया ने बताया कि अमिताभ ने तब कहा था कि वह राजनेताओं की तरह नहीं रह सकते हैं और न ही उनकी तरह बोल सकते हैं। जया ने कहा कि अमिताभ बहुत ही निजी जिंदगी जीने वाले इंसान हैं और जब किसी शख्स को सिनेमा और जनता के बीच, दो प्रोफेशन में काम करना पड़ता है तो उसका जीवन सतह पर आ जाता है।
जया ने आगे बताया, अमिताभ बच्चन इसे हैंडल नहीं कर पा रहे थे। इसी वजह से उन्होंने राजनीति से अपने कदम पीछे खींच लिए थे। बता दें कि अमिताभ बच्चन और राजीव गांधी अच्छे दोस्त थे। जिस वजह से वह साल 1984 में कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे और उन्होंने इलाहाबाद से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। इन चुनावों में उन्होंने यूपी के पूर्व सीएम हेमवती नंदन बहुगुणा को हराया था।