टॉलीवुड में कास्टिंग काउच का विरोध करने के लिए बीच सड़क टॉपलेस होने वाली तेलगु एक्ट्रेस श्री रेड्डी विवादों में घिरी हुई हैं। इस वाकये के बाद इंडस्ट्री में किसी ने भी उनके साथ काम ना करने का फैसला किया है। इसी कड़ी में रविवार को फिल्म स्टार और जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने रेड्डी को एक सलाह दे डाली।
अभिनेता पवन कल्याण ने एक्ट्रेस श्री रेड्डी के बारे में कहा कि यदि उन्हें न्याय चाहिए तो पुलिस स्टेशन या कोर्ट जाना चाहिए ना कि टीवी चैनल्स पर। पवन ने आगे कहा कि कोर्ट में अपना केस लड़ने की बजाए यदि वह टीवी चैनलों पर बातचीत करती रहेंगी तो इसका उन्हें कोई फायदा नहीं मिलने वाला है। उन्हें मीडिया नहीं बल्कि सरकारी विंग्स ही न्याय दिला सकते हैं। अभिनेता ने इस दौरान हैदराबाद में जम्मू में 8 साल की बच्ची के साथ हुए रेप के बाद हत्या के मामले पर विरोध भी जताया है।
उल्लेखनीय है कि रेड्डी ने हाल ही में तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री के कुछ बड़े नामों के खिलाफ सेक्सुअल हरासमेंट के आरोप लगाए थे और सड़क पर टॉपलेस होकर इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि तमिल फिल्म इंडस्ट्री में ज्यादातर महिलाएं काम में सेक्सुअल हरासमेंट और कास्टिंग काउच जैसी चीजों को झेलती हैं।
बीच सड़क टॉपलेस बैठकर विरोध जताने पर श्री रेड्डी की सभी ने आलोचना की, मगर दिग्गज फिल्म मेकर राम गोपाल वर्मा एक्ट्रेस के समर्थन में आगे आए थे। उन्होंने एक्ट्रेस की तुलना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई से की थी। राम गोपाल वर्मा ने ट्वीट किया था, 'इतना साहसी फैसला लेने के लिए मैं आपकी इज्जत करता हूं और इस सेंसेशनल और ब्लॉकबस्टर जीत के लिए आपको सलाम करता हूं।'