अभिनेता अमिताभ बच्चन हिंदी सिनेमा के मजबूत स्तंभ हैं। वह दुनियाभर में बॉलीवुड की आभा बिखेर रहे हैं। उनकी आवाज, अभिनय का अंदाज, कद-काठी हर चीज उन्हें खास बनाती है। वह जिस किरदार को निभाते हैं, उसमें रच-बस जाते हैं। अभिनय के अलावा अमिताभ बच्चन अपनी एक और खूबी के लिए जाने जाते हैं और वह है अनुशासन। अपने व्यक्तिगत जीवन में बिग बी बेहद अनुशासित हैं। समय की कद्र कैसे की जाती है, यह अमिताभ बच्चन से बखूबी सीखा जा सकता है। वे समय के पाबंद हैं और इतने ज्यादा पाबंद हैं कि कई दफा फिल्म के सेट पर वह वॉचमैन से पहले पहुंचे हैं। ऐसे और भी कई किस्से हैं, तो चलिए अमिताभ के 80वें जन्मदिन पर 'बॉलीवुड का शहंशाह, 80 साल-80 किस्से' सीरीज के तहत जानते हैं उनके ऐसे ही दिलचस्प किस्सों के बारे में...
80 साल-80 किस्से: वक्त के पाबंद है अमिताभ बच्चन, कई दफा वॉचमैन से भी पहले पहुंचे सेट पर
कई बार खोला फिल्मिस्तान का गेट
वर्ष 1969 में फिल्म 'सात हिंदुस्तानी' से डेब्यू करने वाले अमिताभ बच्चन आज हिंदी सिनेमा की सर्वाधिक सफल शख्सियत हैं। बॉलीवुड में जहां कुछ सफल स्टार्स के सेट पर देर से पहुंचने के किस्से मशहूर हैं, वहीं अमिताभ बच्चन को सेट पर तय समय से भी पहले पहुंचने के लिए जाना जाता है। बिग बी की इस बात की तारीफ उनके कई को-स्टार्स और फिल्म निर्देशक अपने इंटरव्यू में कर चुके हैं। अमिताभ की फिल्म 'मजदूर' और 'खुद्दार' के निर्देशक रवि टंडन ने भी एक बातचीत में कहा था, 'अमिताभ बच्चन इतने पंचुअल हैं कि कई बार फिल्मिस्तान स्टूडियो का गेट खुद उन्होंने ही खोला, क्योंकि वह सेट पर वॉचमैन से भी पहले पहुंच गए।' उन्होंने कहा, 'यह उनकी सफलता के बड़े कारणों में से एक है।'
80 साल-80 खबरें: अमिताभ के कारण नीचे आ गया था राजेश खन्ना का करियर ग्राफ, एक्टर की बेइज्जती करना पड़ा था भारी
दो घंटे पहले पहुंच गए थे सेट पर
दिवंगत फिल्म निर्देशक रवि टंडन ने एक बातचीत के दौरान बताया था, 'मेरी तरह अमिताभ बच्चन भी बहुत पाबंद हैं। अगर शिफ्ट सुबह सात बजे शुरू होती है तो हमारी कारें स्टूडियो में एक ही समय दाखिल होती हैं।' उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा भी साझा करते हुए बताया था, ' एक बार हम फिल्म 'खुद्दार' के लिए मच गया शोर सारी नगरी में की शूटिंग कर रहे थे। एक रात पहले अचानक शिफ्ट का समय बदलकर सुबह सात बजे से साढ़े नौ बजे हो गया। लेकिन, इस बारे में किसी ने अमिताभ बच्चन को जानकारी ही नहीं दी, जो कि समय पर आने के लिए मशहूर हैं। लिहाजा, वह तय समय पर ही आ गए। जब हम सभी आए तो देखा कि अमिताभ बच्चन जमीन पर पानी का छिड़काव कर रहे थे। बाद में सभी ने सेट पर जाकर खेद जताया। हालांकि, अमिताभ बच्चन ने ऐसे में भी उदारता का परिचय दिया और बोले, 'चलो इसी बहाने मुझे पानी डालने का समय मिल गया। काफी धूल उड़ती है। ये मिट्टी मुझे बहुत नुकसान करती है।' बता दें कि अमिताभ बच्चन को अस्थमा है।
80 साल-80 खबरें: 70 के दशक के हिट मशीन थे अमिताभ बच्चन, इन ब्लॉकबस्टर फिल्मों से बने बॉलीवुड के शहंशाह
माला सिन्हा भी रह गई थीं हैरान
ऐसा ही एक वाकया एक्ट्रेस माला सिन्हा के साथ घटा। एक बातचीत के दौरान माला सिन्हा ने बताया था कि वह अमिताभ बच्चन के अनुशासन को देखकर एक बार डर गई थीं। माला सिन्हा ने कहा था, 'कुछ तैयारियां करने के लिए एक दिन मैं स्टूडियो थोड़ा जल्दी पहुंच गई। लेकिन, देखा कि अमिताभ बच्चन पहले से वहां मौजूद थे और इंतजार कर रहे थे।' इसके अलावा माला सिन्हा ने अमिताभ बच्चन के विनम्र व्यवहार की भी खूब तारीफ की। आपको बता दें कि माला सिन्हा और अमिताभ बच्चन फिल्म 'संजोग' (1972) में नजर आए थे। माला सिन्हा ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था, 'अमिताभ बच्चन एक अच्छे परिवार से आते हैं। लेकिन, फिल्म के सेट पर वह बेहद पंचुअल हैं। इतना कि एक बार उनके अनुशासन ने मुझे हैरान कर दिया। मैंने एक बार सुबह छह बजे ही अपना मेकअप शुरू कर दिया। मैं स्टूडियो पहुंची तो देखा वह पहले से वहां स्टूडियो के गार्ड के साथ बैठे इतंजार कर रहे थे। मैं पहुंची तो मुझे विशा किया, 'नमस्ते!' उनकी यही विनम्रता उन्हें महान बनाती है। मैंने उन्हें किसी से गलत तरीके से बात करते नहीं देखा।'
80 साल-80 किस्से: सिल्वर स्क्रीन पर अमिताभ के छोटे भाई बनते थे चार साल बड़े शशि कपूर, दिलचस्प है इनका याराना
जब नौ बजे के कार्यक्रम में 6.69 पर ही पहुंच गए!
नशामुक्त भारत आंदोलन के प्रमुख रहे डॉ. युसूफ मर्चेंट ने भी अपनी किताब 'हैप्पीनेस' में अमिताभ बच्चन के अनुशासन से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प वाकया साझा किया है। उन्होंने लिखा, 'हम अक्सर सुनते हैं कि लगन और अनुशासन सफलता की कुंजी हैं और अमिताभ बच्चन के मामले में यह बात सच साबित होती है। एक बार अमिताभ बच्चन ने उन्हें हैरान कर दिया था।' दरअसल, हुआ यह था कि डॉ. मर्चेंट ने मुंबई के एक कॉलेज में कुछ सेलिब्रिटीज के साथ एंटी-ड्रग प्रोग्राम आयोजित किया। इसमें अमिताभ बच्चन को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में बुलाया गया। प्रोग्राम रात के 9 बजे शुरू होना था। लेकिन, डॉ. मर्चेंट का मानना था कि हस्तियां अक्सर देर से ही पहुंचती हैं तो उन्होंने अमिताभ बच्चन को फंक्शन शुरू होने से दो घंटे पहले का समय दे दिया और उन्हें सात बजे बुलाया गया। लेकिन, डॉ. मर्चेंट उस वक्त हैरान रह गए जब अमिताभ बच्चन 6.59 मिनट पर ही कार्यक्रम में पहुंच गए। इतने बड़े स्टार को समय का इस कदर पाबंद देख डॉ. मर्चेंट हैरान रह गए।
80 साल-80 किस्से: बिग बी के लिए बेहद खास है लेटे हनुमान जी का ये मंदिर, जानिए क्यों हर साल लगाते हैं अर्जी