पिछले दिनों राइटर और डायरेक्टर विनता नंदा ने आलोक नाथ पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। मामला पुलिस से होता हुआ कोर्ट में पहुंचा। दोनों ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप किया। विनता ने मुंबई के ओशिवरा पुलिस स्टेशन में अपना बयान रिकॉर्ड करवाया। शिकायत दर्ज होने के बाद आलोक नाथ से मामले में पूछताछ की जानी थी।
लेकिन खबर है कि आलोक नाथ पिछले कई दिनों से लापता हैं। समन से संबंधित लेटर लेकर जब उनके घर पुलिसकर्मी पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। इस बीच आलोक नाथ के वकील का कहना है कि आलोकनाथ किसी जरूरी काम की वजह से मुंबई से बाहर गए हैं और जब उनकी जरूरत होगी वो जरूर हाजिर होंगे।
आलोक नाथ ने वकील ने कहा- वह अगले सप्ताह तक लौट आएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि आलोक नाथ लगातार उनके संपर्क में हैं लेकिन पुलिस से आलोक नाथ की कोई बात नहीं हुई। बता दें 21 नवंबर को पुलिस ने एक्टर के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मिड-डे के मुताबिक, उनके घर पर इस वक्त समन के लेटर को लेने के लिए कोई भी नहीं है। दरअसल इस पूरे मामले में आलोकनाथ का बयान लिया जाना काफी जरूरी है।
बता दें MeToo मूवमेंट के जोर पकड़ने के बाद राइटर और डायरेक्टर विनता नंदा ने आलोक नाथ पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। विनता नंदा ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए लिखा कि 'एक बार मैं आलोक नाथ के घर पर हुई पार्टी में शामिल हुई। वहां से देर रात दो बजे के करीब घर जाने के लिए निकली। ड्रिंक में कुछ मिला दिया गया था।'
विनता नंदा ने बताया था- आलोक नाथ ने मुझे घर छोड़ने की पेशकश की। मैं उस पर भरोसा करके गाड़ी में बैठ गई। इसके बाद मेरे मुंह में और ज्यादा शराब डाली गई और मेरे साथ काफी हिंसा की गई। बाद में विनता ने यह भी कहा कि इस घटना के बारे में उन्होंने आलोक नाथ की पत्नी आशु को भी इस बारे में बताया था लेकिन उन्होंने उनकी कोई मदद नहीं की थी। बता दें कि, आलोक नाथ विनता नंदा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करते हुए खुद पर लगे यौन शोषण के आरोपों से साफ इनकार कर चुके हैं।