सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य इन दिनों अपने गानों के चलते कम और अपने बयानों के चलते ज्यादा सुर्खियों में रहते हैं। अभी एक दिन पहले ही अभिजीत भट्टाचार्य ने शाहरुख खान के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की थी। अब उन्होंने सलमान खान को आड़े हाथों लिया है। हाल ही में अभिजीत ने इंडिया टुडे से बात करते हुए सलमान खान की क्लास लगाई है।
अभिजीत भट्टाचार्य का कहना है कि सलमान खान अपनी फिल्मों में लगातार पाकिस्तानी सिंगर जैसे आतिफ असलम और राहत फतेह अली खान को गाने दे रहे हैं जिससे भारतीय सिंगर्स को बॉलीवुड में कम मौके मिल रहे हैं।
अभिजीत ने यह भी कहा है कि सलमान पाकिस्तानी गायकों का पक्ष लेते हैं जो धीरे-धीरे बॉलीवुड का एक ट्रेंड बनता जा रहा है। अभिजीत ने यह भी सवाल उठाया है कि क्या अब भारतीय सिंगर्स बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगिंग करने लायक नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में पाकिस्तानी गायकों और कलाकारों के काम करने पर रोक लगाई जानी चाहिए।
बता दें इससे पहले अभिजीत ने शाहरुख पर निशाना साधते हुए कहा था- 'मैंने अपनी आवाज से सुपरस्टार बनाए हैं। जब तक मैं शाहरुख खान के लिए गाता था तो वो रॉकस्टार थे लेकिन जब मैंने उनके लिए गाना बंद कर दिया वो अब लुंगी डांस पर आ गए हैं।
बता दें अभिजीत भट्टाचार्य पर हाल ही में एक महिला से गाली-गलौच और मारपीट करने का आरोप लगा था। इससे पहले भी अभिजीत भट्टाचार्य छेड़छाड़ के आरोप में फंस चुके हैं। उन पर एक लड़की ने दुर्गा पूजा समारोह में उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था और एफआईआर भी की थी। ओशीवारा पुलिस ने इस मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया था।