बॉलीवुड में कई स्टार्स के बीच लवस्टोरी बनीं और उनकी शादी भी हुई। लेकिन कुछ ऐसे भी एक्टर और एक्ट्रेस रहे हैं जिन्होंने अपना जीवनसाथी फिल्मी जगत की बाहर की दुनिया से चुना। ऐसे में बात कर रहे हैं बॉलीवुड के झक्कास एक्टर अनिल कपूर की पत्नी की जो एक समय में अनिल का पूरा खर्चा उठाती थीं..
बता दें कि अनिल कपूर ने एक जानी-मानी मॉडल सुनीता से शादी की है। जब अनिल ने सुनीता से शादी की वह स्ट्रगल कर रहे थे। इस दौरान अनिल को पहली ही नजर में सुनीता से प्यार हो गया था। ऐसे में अनिल की चाह सुनीता को पाने की हो गई। लेकिन अनिल के पास सुनीता तक पहुंचने का कोई चारा नहीं था।
बाद में अनिल कपूर के दोस्तों ने उन्हें सुपरमॉडल सुनीता का टेलीफोन नंबर दिलवाया। इसके बाद दोनों की बातचीत शुरू हो गई। अनिल, सुनीता की आवाज के दीवाने हो गए थे। हालांकि ये बात कम ही लोग जानते हैं कि स्ट्रगल के दिनों के दौरान अनिल कपूर के पास टैक्सी का किराया देने तक के भी पैसे नहीं हुआ करते थे, तो उस समय सुनीता ही उनका पूरा खर्च उठाती थी।
अनिल ने एक इंटरव्यू में भी बताया था, एक बार जब वो सुनीता से फोन पर बात कर रहे थे तो दोनों में मिलने को लेकर बात हुई। दोनों ही मिलने को तैयार हो गए। सुनीता ने अनिल कपूर से पूछा कि वो कितनी देर में पहुंच जाएंगे। तो इस पर अनिल कपूर ने कहा कि वो दो घंटे में पहुंच पाएंगे। सुनीता ने इतना वक्त लगाने का कारण पूछा तो सच्चाई बताते हुए अनिल कपूर ने अपनी आर्थिक हालत बताई और कहा कि वो बस से आएंगे तो इतना वक्त तो लग ही जाएगा। उन्होंने कहा बस क्यों आ रहे हो, तो अनिल कपूर ने उन्हें साफ बताया कि उनके पास कैब से आने लायक पैसे नहीं हैं। तब सुनीता ने अनिल से कहा, 'आप कैब कर लो, मैं यहां उन्हें पैसे दे दूंगी।'
इस मुलाकात के बाद अनिल और सुनीता का प्यार परवान चढ़ने लगा और दोनों साथ-साथ पब्लिक ट्रांसपोर्ट में घूमने लगे। अनिल ने दोस्तों की बातों में आकर दो बार शादी के लिए मना भी कर दिया था। लेकिन आखिर में साल 1984 में दोनों ने शादी कर ली।