पूर्व कप्तान एमएस धोनी के टेस्ट क्रिकेट से अचानक संन्यास लेने के बाद भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती बेहतर विकेटकीपर की तलाश थी। जिसे ऋद्धिमाना साहा ने बखूबी पूरा भी किया।
न सिर्फ उन्होंने अच्छी विकेटकीपिंग की बल्कि बल्ले से भी कई असरदार पारियां खेली। हालांकि इसे उनकी बदकिस्मती ही कहा जाएगा कि कंधे की चोट के चलते लंबे समय से वे टीम से बाहर हैं।
अब एक समारोह में पहुंचे पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भारतीय विकेटकीपर्स के बारे में बड़ा बयान दिया है। गांगुली की माने तो साहा पिछले पांच से 10 साल में भारत के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर हैं।
गांगुली ने कहा, वह लगभग एक साल से टीम से बाहर है लेकिन मुझे लगता है कि पिछले पांच से 10 साल में वह भारत का सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर है। उम्मीद करता हूं कि वह जल्द उबर जाएगा।'
दिसंबर 2014 में महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास के बाद टेस्ट क्रिकेट में भारत की पहली पसंद 34 साल के साहा कंधे की सर्जरी के बाद रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। युवा ऋषभ पंत ने अपने टेस्ट करियर की प्रभावी शुरुआत की और वह आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएंगे। पंत के बैकअप के तौर पर पार्थिव पटेल को टीम में जगह दी गई है।
भारत की ओर से 32 टेस्ट में तीन शतक की मदद से 1164 रन बनाने वाले साहा ने पिछली बार देश का प्रतिनिधित्व इस साल की शुरुआत में केपटाउन टेस्ट के दौरान किया था। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद भारत को जुलाई 2019 तक कोई टेस्ट नहीं खेलना जिससे बंगाल के इस विकेटकीपर का भविष्य अनिश्चित है।