वर्ल्ड कप के 12वें सीजन का कारवां अब सेमीफाइनल की तरफ पहुंच चुका है। 45 लीग मुकाबलों के बाद टीम इंडिया ने अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया तो वहीं ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम टॉप-4 में शामिल रही।
World Cup 2019: इंडिया-न्यूजीलैंड मैच में हो सकती है बारिश, रद्द की स्थिति में होंगे ये दो विकल्प
मौसम पुर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को होने वाले इंडिया और न्यूजीलैंड के सेमीफाइनल मुकाबले में बारिश हो सकती है। सिर्फ इतना ही नहीं रिपोर्ट के मुताबिक ये बारिश लगातार तीन दिन तक हो सकती है। बता दें कि इससे पहले भी वर्ल्ड कप के लीग मुकाबलों में बारिश दखल दे चुकी है और इसी वजह से भारत-न्यूजीलैंड का मुकाबला भी रद्द हो गया था। ऐसे में आईए जानते हैं कि अगर सेमीफाइनल में भी बारिश ने दखल दिया तो क्या होगा।
बारिश की सूरत में मौजूद रहेंगे ये दो विकल्प:
अगर मंगलवार को बारिश की वजह से भारत-न्यूजीलैंड का सेमीफाइल मुकाबला धुल जाता है, तो फिर ठीक अगले दिन बुधवार को दोनों के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दरअसल ग्रुप मैचों में रिजर्व-डे का कोई प्रावधान नहीं था लेकिन नॉकआउट मैच यानि की सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले के लिए रिजर्व -डे (अतिरिक्त दिन) का प्रावधान रखा गया है।
अब यहां चिंता की बात यह है कि मौसम पुर्वानुमान में रिजर्व-डे को भी बारिश की आशंका जताई गई है। ऐसे में आईए जानते हैं दूसरे विकल्प के बारे में।
अगर रिजर्व-डे वाले यानी बुधवार को भी बारिश के कारण मैच रद्द हो जाता है, तो भारतीय टीम नियमों के हिसाब से फाइनल में पहुंच जाएगी। टूर्नामेंट के नियम के मुताबिक ग्रुप स्टेज में जिस टीम के भी अंक सबसे ज्यादा होंगे, वह फाइनल में खेलने की हकदार हो जाएगी और इस समय टीम इंडिया सबसे ज्यादा अंकों के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर है।