जिम्बाब्वे के खिलाफ साल 2005 में अपने वन-डे इंटरनेशनल क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाले टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने गत मंगलवार को अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल के जरिए इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। वह ज्यादा दिनों तक इंटरनेशनल क्रिकेट में सक्रिय नहीं रहे। मगर जितना रहे उन्होंने अपनी गेंदबाजी के बूते टीम इंडिया के लिए एक अमिट छाप छोड़ी। आइए जानते हैं आरपी सिंह के कभी न भूलने वाले 5 बेस्ट गेंदबाजी स्पेलः
टी-20 वर्ल्ड कप 2007
आरपी सिंह ने साल 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान पूरे टूर्नामेंट में 12.66 की औसत से 12 विकेट हासिल किए थे। इस दौरान उनका सबसे बेस्ट गेंदबाजी स्कोर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल सुपर 8 मैच में था। उन्होंने 4 ओवर में 13 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 26 रन देकर 3 विकेट झटके थे। टी-20 वर्ल्ड कप में जीत में आरपी सिंह की अहम भूमिका रही थी।
साल 2006, पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू
साल 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले आरपी सिंह ने अपने पहले ही मैच में बेहतरीन प्रदर्शन कर डेब्यू मैच को यादगार बनाया। उन्होंने दूसरे टेस्ट में दोनों पारियों में कुल मिलाकर (4+1) 5 विकेट हासिल किए थे। पहली पारी में उन्होंने 25, जबकि दूसरी पारी में 22 रन दिए थे। हालांकि, दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला ड्रॉ हो गया था।
साल 2007, इंग्लैंड दौरा
साल 2007, लॉर्ड्स में इंग्लैंड दौरे पर आरपी सिंह ने उम्दा प्रदर्शन किया था। राहुल द्रविड़ की कप्तानी में टीम इंडिया ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी। आरपी ने इस मैच की पहली पारी में 58 रन देकर 2, जबकि दूसरी पारी में 59 रन देकर 5 विकेट झटके थे। दोनों पारियों में कुल मिलाकर उन्होंने 7 विकेट झटके थे। हालांकि, दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला ड्रॉ हो गया था।
साल 2008, ऑस्ट्रेलिया दौरा
साल 2008, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया मेजबान के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज हार गई थी। मगर पर्थ में खेले गए तीसरे टेस्ट में टीम इंडिया ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया को 72 रन से हराया था। इस मैच में सिंह की बेहतरीन गेंदबाजी देखने को मिली थी। उन्होंने इस मुकाबले के पहली पारी में 68 रन देकर 4, जबकि दूसरी पारी में 95 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे।