छह बार की चैंपियन टीम इंडिया और 2016 की रनर-अप बांग्लादेश के बीच शुक्रवार को एशिया कप का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। बांग्लादेश ने इस पूरे टूर्नामेंट में पांच मैचों में से तीन में जीत हासिल की है, जबकि 2 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। बांग्लादेश ने सुपर-4 के आखिरी मैच में पाकिस्तान को 37 रन से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जब टीम इंडिया फाइनल खेलने उतरेगी तो बांग्लादेश के इन 5 खिलाड़ियों पर पैनी नजर रखने की जरूरत है।
एशिया कप 2018: टीम इंडिया सावधान! ये 5 बांग्लादेशी फाइनल में बिगाड़ सकते हैं खेल
मुश्फिकुर रहीम
एशिया कप में बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम पूरे लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में ही श्रीलंका के खिलाफ 144 रन की आतिशी पारी खेली थी। रहीम ने इस पूरे टूर्नामेंट में कुल 4 मैच खेले, जिसमें उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से 297 रन बनाए। टीम इंडिया के गेंदबाजों को इस सलामी बल्लेबाज से किसी भी कीमत पर बचना होगा और इन्हें जल्द से जल्द आउट करना होगा।
मशरफे मुर्तजा
बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा की अगर बात करें तो इस पूरे टूर्नामेंट में उनका बल्ला खामोश ही रहा। हालांकि, गेंदबाजी में उनके हाथ पांच विकेट जरूर आए, लेकिन अगर बांग्लादेश को फाइनल जीतना है तो उनके कप्तान को ऑलराउंड प्रदर्शन करना होगा।
मुस्तफिजुर रहमान
टीम इंडिया को बांग्लादेश के सबसे धाकड़ गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान से बचकर रहना होगा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 4 मैचे खेले हैं, जिसमें 8 विकेट चटकाए। पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 के आखिरी मैच में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 43 रन देकर 4 विकेट झटके थे। बांग्लादेश को फाइनल का टिकट दिलाने में रहमान का बड़ा योगदान है।
मोहम्मद मिथुन
बांग्लादेश के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज मोहम्मद मिथुन पूरे टूर्नामेंट में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। मगर अपनादिन होने पर मैच जिताने की ताकत रखता है।