दिल्ली एनसीआर में शनिवार तड़के से शुरू हुई तेज बारिश उमस भरी गरमी से राहत के साथ आफत भी लेकर आई। नगर निगमों व सरकारके दावों के विपरीत बारिश के पानी से सड़कें तालाब व नदियों में तब्दील दिखीं। सुबह जब लोग सड़कों पर निकले उन्हें जलजमाव के बीच जाम से भी दो चार होना पड़ा।
दुपहर तक पूरा जनजीवन अस्त व्यस्त दिखा। जलभराव के कारण अंडरपास पर बसें व कारें डूबी दिखाई दी तो अन्य स्थानों पर पानी में फंसकर वाहन खराब पड़ गए। मौसम विभाग की माने तो दिल्ली एनसीआर समेत मैदानी इलाकों व पहाड़ों पर अगले 48 घंटे में तेज बारिश होगी।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में रविवार में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया है। यलो अलर्ट यानी सरकार और सिविक एजेंसियां बारिश को लेकर अपनी नजर बनाए रखे। मौसम विभाग बारिश की संभावनाओं को लेकर उन्हें बीच-बीच में अपडेट करता रहेगा।
दिल्ली में शनिवार को पिछले 24 घंटे में कुल 43.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जबकि सुबह 8:30 बजे से शाम 6 बजे तक 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग की मानें तो यह इस सीजन में अब तक एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दिल्ली में बारिश का जो सिलसिला शुरू होगा वह अगले 48 घंटे तक जारी रहेगा। रविवार को दिल्ली के साथ मैदानी इलाकों में हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत अधिकांश मैदानी इलाकों में तेज बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक अभी पूरे उत्तर भारत समेत पहाड़ों में दक्षिणी पश्चिमी मानसून सक्रिय है।