रेल यात्रियों को नई सुविधाएं देने में रेलवे रोजाना नई-नई घोषणाएं कर रहा है। अब रेलवे ने साधारण श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों की तरफ भी अपना ध्यान डाला है। रेलवे ने आम यात्रियों की सुविधा के लिए एक मोबाइल ऐप को लांच कर दिया है। इस ऐप की मदद से लोगों को टिकट लेने के लिए लंबी कतार में नहीं लगना पड़ेगा।
UTSON के नाम से लांच किया ऐप
रेल मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि रेल सूचना प्रणाली केंद्र (सीआरआईएस) ने मोबाइल आधारित ऐप्लिकेशन 'अटसनमोबाइल' विकसित किया है। यूजर इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर या विन्डोज स्टोर से निःशुल्क डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही पंजीकरण कराने के तरीके के बारे में भी बताया गया है।
यात्रियों को करना होगा यह काम
रेलवे के अनुसार पंजीकरण कराने के लिए यात्रियों को सबसे पहले अपना मोबाइल नंबर, नाम, शहर, रेल की डिफ़ॉल्ट बुकिंग, श्रेणी, टिकट का प्रकार, यात्रियों की संख्या और बार-बार यात्रा करने के मार्गों का विवरण देना होगा। पंजीकरण कराने पर यात्री का जीरो बैलेंस का रेल वॉलेट (आर-वॉलेट) अकाउंट खुद-ब-खुद खुल जाएगा। खास बात यह है कि आर-वॉलेट बनाने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। रेलवे ने बताया है कि आर-वॉलेट को किसी भी यूटीएस काउंटर पर या वेबसाइट पर उपलब्ध विकल्प के माध्यम से रीचार्ज किया जा सकता है।
मिलेगा केवल उसी दिन का टिकट
रेलवे ने कहा है कि यात्रियों को केवल उसी दिन का टिकट मिलेगा, जिस दिन की उन्हें यात्रा करनी है। अग्रिम बुकिंग की सुविधा इस ऐप पर नहीं मिलेगी। टिकट कलेक्टर द्वारा टिकट मांगने पर मोबाइल ऐप पर टिकट दिखाएं ऑप्शन पर जाकर के टिकट को दिखा सकेंगे।
प्लेटफॉर्म टिकट की भी कर सकेंगे खरीदारी
यात्री मासिक टिकट के अलावा इस ऐप की मदद से प्लेटफॉर्म टिकट को भी खरीद सकेंगे। प्लेटफॉर्म टिकट के लिए स्टेशन का नाम लिखना होगा और यह केवल लेने के बाद तीन घंटे के लिए ही मान्य होगा। इस ऐप पर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड को भी आसानी से लिंक किया जा सकेगा, जिसके बाद पेमेंट करने में भी किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आएगी।