बाजार नियामक सेबी (SEBI) आपको एक करोड़ रुपये जीतने का मौका दे रहा है। किसी कंपनी के भेदिया कारोबार (Insider Trading) के बारे में सूचना देने वालों को यह इनाम मिलेगा। आइए जानते हैं इसके बारे में।
क्या है इनसाइडर ट्रेडिंग ?
बता दें कि निवेशकों के हितों की रक्षा के लिये सेबी द्वारा इनसाइडर ट्रेडिंग पर रोक लगाई गई है। जब कंपनी के मैनेजमेंट से जुड़ा कोई व्यक्ति अंदरूनी जानकारी होने के आधार पर शेयर खरीद या बेचकर गलत तरीके से मुनाफा कमाता है तो इसे इनसाइडर ट्रेडिंग कहा जाता है। सेबी कानून 1992 के तहत इनसाइडर ट्रेडिंग अपराध है। आइए जानते हैं कि आपको एक करोड़ रुपये का इनाम कैसे मिल सकता है।
सूचना देने वालों के लिए इनाम देने का प्रस्ताव किया गया है। अगर सेबी गलत तरीके से कमाये गये कम से कम एक करोड़ रुपये का पता लगाने में कामयाब होता है, तो सूचना देने वालों को इनाम दिया जाएगा। यह इनाम प्राप्त धन का 10 फीसदी और अधिकतम एक करोड़ रुपये होगा।
यह भी पढ़ें: खस्ताहाल पाकिस्तान ने मारी अपने पैर में कुल्हाड़ी, भारत से आयात-निर्यात पूरी तरह बंद
लाइव मिंट की खबर के अनुसार, ये लाभ केवल लोगों और कंपनियों के लिये उपलब्ध होगा। ऑडिटर जैसे पेशेवरों को इसका कोई लाभ नहीं मिलेगा। पेशेवरों को इसके दायरे से बाहर इसलिए रखा गया है क्योंकि गड़बड़ी के बारे में जानकारी देने की जवाबदेही उन्हीं की होगी। गोपनीयता बनाये रखने के साथ पूरी जानकारी साझा करने के लिए हॉटलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही जांच में सहयोग के बदले छोटी गड़बड़ियों के लिये माफी या उसका निपटारा किया जाएगा।
सेबी के पीआईटी नियमन में प्रस्तावित संशोधन के तहत सूचना देने वालों को स्वैच्छिक सूचना घोषणा फार्म (VIDF) देने की जरूरत है। इसमें इनसाइडर ट्रेडिंग मामले से जुड़ी विश्वासनीय और मूल सूचना देनी होगी। इसमें नियमों का उल्लंघन कर कारोबार करना आदि शामिल है।