उत्तरप्रदेश के कानपुर में एक शादी फिलहाल चर्चा का विषय बनी हुई है। पत्नी के प्यार के बारे में पता चलते ही पति ने उसकी शादी उसके प्रेमी से करवा दी। सिर्फ इतना ही नहीं पति शादी में खूब नाचा और विदाई में खूब रोया भी। दरअसल, कुछ महीने पहले 19 फरवरी 2018 को सनिगवां गांव निवासी सुजीत उर्फ गोलू गुप्ता नाम के एक युवक की शादी शांति नाम की युवती से हुई थी। दोनों ने सात फेरे लिए थे।
सुजीत की मां का पहले ही निधन हो चुका था। सुजीत ने बताया कि शादी के बाद से दोनों के रिश्ते अच्छे नहीं थे। रिश्तेदारों के अनुसार शादी के 15 दिन बाद सुजीत की पत्नी शांति मायके चली गई थी। सुजीत जब भी उसे वापस ससुराल बुलाता शांति कोई न कोई बहाना बना देती और नहीं आती। कुछ दिनों बाद शांति अपने पति के पास रहने आई लेकिन वह फोन पर किसी शख्स से बात करती थी जिससे सुजीत को उस पर शक हुआ।
इसके बाद पता चला कि उसकी पत्नी शांति किसी रवि नाम के व्यक्ति से प्यार करती है और उसी से शादी करना चाहती है। उसने सुजीत से शादी सिर्फ घरवालों के दबाब में आकर की थी। ये जानकर सुजीत को काफी गुस्सा आया लेकिन बाद में बीवी को बेवफा मानकर सुजीत ने कुछ लोगों से राय मांगी और फिर फैसला लिया कि वह उसकी शादी उसके प्रेमी से कर देगा। उसने दोनों परिवारों को इस काम के लिए तैयार किया।
सुजीत ने पत्नी के प्रेमी को घर बुलाकर बैंड बाजे के साथ शादी करवाई। सुजीत ने अपनी पत्नी शांति की शादी सनिगवां के हनुमान मंदिर में कराई। शादी में वह बहुत नाचा भी और विदाई के समय जी भर रोया भी। सुजीत ने अपनी पत्नी शांति का हाथ रवि के हाथों में थमा हमेशा खुश रहने का आशीर्वाद दिया। इस मौके पर पूरे गांव में धूमधाम से बारात निकाली गई। इस अनोखी शादी में भारी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए।