Monsoon 2023: देश के ज्यादातर इलाकों में इन दिनों मानसून की बारिश ने तबाही मचा रखा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक हर तरफ पानी ही पानी दिख रहा है। देश की राजधानी दिल्ली में बारिश की वजह से यमुना नदी ने 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से राष्ट्रीय राजधानी के कई रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया है। इसके साथ ही कई वीआईपी इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया है। युमना में जलस्तर 208.57 मीटर तक पहुंच चुका है। इसके बाद अब दिल्ली पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि नदी का पानी खतरे के निशान से तीन मीटर ऊपर तक पहुंच गया है। दिल्ली के नजदीकी राज्य हरियाणा और पंजाब में जमकर बारिश हो रही है।
मानसून की बारिश की वजह से हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भीषण बारिश हो रही है। भारी बारिश की वजह से पहाड़ी राज्यों के अलावा मैदानी इलाकों में भी तबाही का मंजर नजर आ रहा है। मानसूनी बारिश ने लोगों के सामने कई समस्याएं खड़ी कर दी है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस साल इतनी बारिश क्यों हो रही है? इसके साथ ही जलभराव की समस्या क्यों होती है?