कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने देश में खतरनाक रूप ले लिया है। संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के कारण लोगों में डर का माहौल भी है। देश के हर राज्यों की स्थिति भयावह बनी हुई है और रोजाना लाखों की संख्य में मरीज आ रहे हैं। कोरोना वायरस से अपनी सुरक्षा के लिए लोग कई तरह के घरेलू नुस्खें भी अपना रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर तरह-तरह के घरेलू नुस्खें वायरल भी हो रहे हैं। कुछ इसी तरह इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि फिटकरी के पानी के सेवन से कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है।
Coronavirus: क्या फिटकरी के पानी के सेवन से ठीक हो जाएगा कोरोना? जानिए सच्चाई
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दावा किया जा रहा है कि फिटकरी के पानी का सेवन करने से कोरोना वायरस के संक्रमण से बचा जा सकता है और इससे संक्रमित व्यक्ति भी स्वस्थ हो सकता है। वायरल वीडियो में एक शख्स बता रहा है कि भोजन करने के बाद आधा गिलास पानी लेकर उसमें फिटकरी घोल लीजिए और इस पानी से गरारा करने पर कोरोना वायरस शरीर में प्रवेश नहीं कर सकता है।
वायरल हो रहे पोस्ट में शख्स ये भी दावा कर रहा है कि इस नुस्खें को अपनाने से संक्रमित व्यक्ति भी स्वस्थ हो सकता है। लेकिन पीआईबी की फैक्ट चेक टीम के द्वारा पड़ताल में ये वीडियो फर्जी साबित हुआ। पीआईबी के मुताबिक, फिटकरी को लेकर किया जा रहा ये दावा बिल्कुल गलत है। क्योंकि ऐसा कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि फिटकरी के पानी के गरारे से कोरोना संक्रमण को खत्म किया जा सकता है।
एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि फिटकरी के पानी का सेवन करने से #Covid19 से बचा जा सकता है व इससे संक्रमित व्यक्ति भी स्वस्थ हो सकता है।#PIBFactCheck: यह दावा #फर्जी है। #कोरोनावायरस से संक्रमित होने पर सही इलाज के लिए विश्वसनीय डॉक्टर से सलाह ज़रूर लें। pic.twitter.com/VMnpgMO7cT
बता दें कि कोई स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने अभी तक फिटकरी के पानी के सेवन से कोरोना संक्रमण को खत्म होने के बारे में कुछ भी नहीं कहा है। कोविड-19 से अपनी सुरक्षा करते हुए हमें फर्जी खबरों से भी सुरक्षित रहने की जरूरत है।
फर्जी खबरों से निपटने के लिए पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने खबरों का सत्यापन करने के लिए एक 'तथ्य जांच इकाई' गठित की है, जिसे पीआईबी फैक्ट चेक टीम कहा जाता है। कोरोना वायरस से जुड़ी किसी भी खबर पर विश्वास करने से पहले आप उसकी अच्छे से पड़ताल करें।