कुत्ते को इंसानों का सबसे वफादार जानवर माना जाता है। साथ ही दुनिया में जानवरों से इंसानों का तरह-तरह का प्यार अक्सर ही हम लोग सोशल मीडिया पर देखते रहते हैं। लेकिन आजकल सोशल मीडिया पर एक पोस्ट काफी वायरल हो रही है जिसपर कुछ कुत्ते अस्पताल के गेट पर खड़े हैं।
दरअसल, ब्राजील के रियो डू सुल शहर से वायरल हुई यह पोस्ट बहुत ही भावुक है। यहां एक बेघर शख्स की तबीयत खराब होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया तो उसके पीछे-पीछे चार कुत्ते भी अस्पताल पहुंच गए, जिसे देखकर लोग और अस्पताल प्रशासन हैरान हो गया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती उस बेघर शख्स का अपना कोई नहीं है। लेकिन अस्पताल के बाहर खड़े चार बेजुबानों की आंखों में उस शख्स के लिए प्यार और ख्याल साफ देखा जा सकता है। इस पूरे मामले को ब्राजील के एक निजी अस्पताल की एक नर्स क्रिस मेमप्रिम (Cris Mamprim) ने फेसबुक पर पोस्ट किया है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि अस्पताल में रात के करीब तीन बजे सीजर नाम के एक बेघर शख्स को इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जबकि उसके साथ वाले आए गेट पर ही रुक गए। बताया जा रहा है कि अस्पताल के स्टाफ ने जब उन बेजुबानों को बाहर खड़े देखा तो न केवल उन्हें अंदर बुलाया, बल्कि खाना भी खिलाया।
हालांकि पता चला है कि बीमार सीजर अपने इन बेजुबान साथियों को रोजाना खाना खिलाता था और कई बार इन्हें खाना खिलाने के लिए वह भूखा भी रहा है, सीजर इन सब अपने दोस्तों का बहुत ध्यान रखता है। नर्स क्रिस मेमप्रिम की पोस्ट को अबतक 80 हजार से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका है। इसके अलावा 22 हजार से ज्यादा लोगों ने कमेंट्स किए गए हैं। सोशल मीडिया पर इन वफादार कुत्तों की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।