ग्रहों में युवराज कहे जाने वाले बुध सिंह राशि की यात्रा समाप्त करके 3 सितंबर को दोपहर 12 बजकर 02 मिनट पर अपनी स्वयं की राशि कन्या में प्रवेश करेंगे। कन्या राशि में ये 22 सितंबर की सायं 6 बजकर 54 मिनट तक रहेंगे, उसके बाद तुला राशि में प्रवेश कर जाएंगे। इस तरह से जिन जातकों की राशियों अथवा जन्म कुंडलियों के अनुसार बुध केंद्रगत रहेंगे उनके लिए पंच महापुरुष योगों में से एक भद्र योग का निर्माण करेंगे। इसी योग के प्रभावस्वरूप जातक अत्यंत विनम्र, विवेकशील, कुशल वक्ता, अपनी अलग पहचान बनाने वाला, तर्कशास्त्री, कानूनविद, शिक्षक, लेखक, प्रकाशक, बैंकिंग एवं बीमा क्षेत्र में काम करने वाला कुशल प्रशासक होता है। वह जहां भी जाता है जनमानस को अपनी ओर आकर्षित कर लेता है। उसकी शारीरिक बनावट और सौम्यता के सभी कायल रहते हैं। मिथुन एवं कन्या राशि के स्वामी बुध मीन राशि में नीच राशिगत एवं कन्या राशि में उच्चराशिगत माने गए हैं। इनके राशि परिवर्तन का सभी बारह राशियों पर कैसा प्रभाव रहेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण...
मेष राशि- राशि से छठे भाव में बुध का गोचर आपके स्वास्थ्य के लिए तो शुभ फलदाई रहेगा किंतु पढ़े-लिखे लोग आपके शत्रु बनेंगे, अपने ही लोग कहीं न कहीं नीचा दिखाने की कोशिश करेंगे। प्रयास करें कि इस अवधि के मध्य किसी को भी अधिक कर्ज न दें। बारहवें भाव पर इनकी दृष्टि के परिणामस्वरूप धन का अपव्यय रहेगा। आर्थिक तंगी से बचें। किसी संबंधी अथवा मित्र के द्वारा अशुभ समाचार भी मिल सकता है। स्वास्थ्य की दृष्टि से पेट संबंधी विकारों से सावधान रहें।
वृषभ राशि- राशि से पंचमभाव में बुध का गोचर आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है संतान संबंधी चिंता दूर होगी, प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव के भी योग बनेंगे। प्रेम विवाह करने का निर्णय लेना चाह रहे हों तो भी अवसर अनुकूल रहेगा। विद्यार्थियों अथवा प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों के लिए भी बुध अति शुभफलदायक सिद्ध होंगे। इनकी लाभभाव पर दृष्टि के प्रभाव स्वरूप आय के साधन बढ़ेंगे। दिया गया धन वापस मिलने की उम्मीद। कार्यक्षेत्र में उच्चाधिकारियों से संबंध बिगड़ने न दें।
मिथुन राशि- राशि से चतुर्थभाव में बुध का गोचर 'भद्र योग' का निर्माण करेगा जो आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है इसीलिए अपनी ऊर्जा शक्ति का पूर्ण उपयोग करते हुए कार्य में लग जाएं सफलता की संभावना सर्वाधिक रहेगी। इन्हीं के शुभ परिणामों के प्रभावस्वरूप मकान वाहन के भी क्रय का योग बनेगा। मित्रों और संबंधियों से भी लाभ की उम्मीद कर सकते हैं। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। नए कार्य आरंभ करना हो अथवा अनुबंध पर हस्ताक्षर करना हो तो भी अवसर अनुकूल रहेगा।
कर्क राशि- राशि से पराक्रम भाव में बुध का गोचर आपको अति उत्साही और मेहनती बनाएगा। आपके द्वारा लिए गए निर्णय की सराहना होगी सामाजिक दायित्व भी बढेगा। भावनाओं में बहकर किसी को भी अधिक धन उधार के रूप में न दें। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों एवं भाइयों से मतभेद न पैदा होने दें। भाग्यभाव पर इनकी उच्च दृष्टि के प्रभाव शुरू धर्म-कर्म के कामों में रुचि बढ़ेगी, बढ़ चढ़कर हिस्सा भी लेंगे। विदेश यात्रा अथवा विदेशी नागरिकता के लिए प्रयास करना सफल रहेगा।