ज्योतिष एक ऐसा शास्त्र है जिसके द्वारा मनुष्य के जीवन के बारे में कई जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं। ज्योतिष कहता है कि हमारे जीवन में ग्रह और नक्षत्रों का बहुत महत्व होता है। ग्रहों की बदलती स्थितियों के कारण हमारे जीवन में कई बार अच्छी और बुरी दोनों प्रकार की परिस्थितियां आती हैं। ज्योतिष में कई ऐसे उपाय बताए गए हैं जिन्हें करने से आप अपने जीवन की परेशानियों से मुक्ति पा सकते हैं और अपनी मनोकामनाओं को पूर्ण कर सकते हैं। जानते हैं ज्योतिष के उपाय जिन्हें करने से मिलेगी परेशानियों से मुक्ति, घर में आएगी सुख-समृद्धि...
इन ज्योतिषीय उपायों से चमकेगी किस्मत, ग्रह दोष से भी मिलेगा छुटकारा
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हाथ के ऊपरी भाग में मां लक्ष्मी, मध्य में मां सरस्वती और नीचे वाले भाग में विष्णु जी का स्थान होता है। इसलिए प्रतिदिन सुबह को उठकर अपनी हथेलियों को निहारना चाहिए और तीन से चार बार अपनी दोनों हथेलियों को अपने मुंह पर फेरना चाहिए। इससे आपका भाग्य अच्छा होता है और आपको कार्यों में सफलता मिलने लगती है।
प्रतिदिन चींटियों को शक्कर मिला हुआ आटा डालना चाहिए। साथ ही मछलियों को आटे की गोलियां बनाकर खिलानी चाहिए। ये परोपकार के काम करने से पाप कर्मों का नाश होता है। मां लक्ष्मी भी प्रसन्न होती हैं। जिससे आपके घर की आर्थिक समस्याएं दूर होती है। घर में धन की आवक बनती है।
अगर आप राहु-केतु या शनि दोष से पीड़ित हैं तो प्रतिदिन खाना बनाते समय अंतिम रोटी पर घी चुपड़ कर कुत्ते को खिलाएं। इससे आपको ग्रह दोष के कारण होने वाली परेशानियों से मुक्ति मिलती है। घर में सुख-शांति का वातावरण रहता है।