रैना टीम इंडिया के कप्तान, अक्षर और केदार नए चेहरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेढ़ महीने से ज्यादा समय तक चलने वाले आईपीएल के सातवें संस्करण के बाद भारतीय क्रिकेट टीम का अंतरराष्ट्रीय मैचों के कार्यक्रम शुरू होने वाले हैं। आईपीएल 1 जून को खत्म हो रहा है और फिर दो हफ्ते तक आराम करने के बाद टीम इंडिया अपने विदेश दौरे के लिए रवाना हो जाएगी।
इंडियन प्रीमियर लीग के बाद टीम इंडिया को अपने पहले विदेशी दौरे के रूप में बांग्लादेश जाना है और इसके बाद इंग्लैंड का भी सफर करना है जहां उसे दो साल पहले शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। संदीप पाटिल की अगुवाई वाली राष्ट्रीय चयन समिति ने दो देश के दौरे पर जाने वाली टीम का ऐलान कर दिया है।
गौतम गंभीर की टेस्ट टीम में जबकि सुरेश रैना और रॉबिन उथप्पा की वनडे टीम में वापसी हुई है। वहीं दो खिलाड़ियों को पहली बार नीली जर्सी पहनने का मौका मिलेगा।
उथप्पा को मिला आईपीएल में शानदार खेल का उपहार
जारी आईपीएल में शानदार बल्लेबाजी कर सुर्खियां बटोरने वाले रॉबिन उथप्पा को एक बार फिर टीम इंडिया में वापस बुलाया गया है। इस सत्र में वह आईपीएल में सबसे ज्यादा रन (613) बनाने के कारण ऑरेंज कैप अपने पास रखे हुए हैं। उन्हें बांग्लादेश में होने वाली वनडे सीरीज के लिए शामिल किया गया है।
उथप्पा ने भारत के लिए अपना अंतिम मैच मार्च, 2012 में खेला था। लेकिन वह टीम में कभी भी नियमित रूप से नहीं रहे हैं। उन्होंने इस सत्र में प्रथम श्रेणी क्रिकेट के अलावा आईपीएल में जबर्दस्त प्रदर्शन किया है। आईपीएल में उन्होंने लगातार 10 पारियों में 40 या 40 से ज्यादा रन बनाए हैं जो एक रिकॉर्ड है।
चयनकर्ताओं ने चौंकाया, सुरेश रैना को कप्तान बनाया
नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उपकप्तान विराट कोहली को आईपीएल के बाद बांग्लादेश दौरे पर जाने वाली टीम इंडिया में शामिल नहीं किया गया है। चयनकर्ताओं ने दोनों क्रिकेटरों को इंग्लैंड के कठिन दौरे से पहले आराम दिया है।
इंग्लैंड में भारत को पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। भारत को पिछले दौरे में इंग्लैंड में 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था। बांग्लादेश दौरे के लिए धोनी और कोहली को आराम दिए जाने से चयनकर्ताओं को सुरेश रैना को टीम इंडिया का नया कप्तान चुना है। हालांकि दिलचस्प है कि रैना लंबे समय से वनडे टीम से बाहर थे और अचानक उनकी वापसी बतौर कप्तान हुई है। इस पद के लिए रोहित शर्मा और आर अश्विन का नाम लिया जा रहा था लेकिन इन दोनों को भी आराम दिया गया है।
वनडे सीरीज के लिए घोषित 15 सदस्यीय टीम इंडियाः सुरेश रैना (कप्तान), रॉबिन उथप्पा,
अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, अंबाती रायडू, मनोज तिवारी, केदार जाधव,
रिदिमान साहा, परवेज रसूल, अक्षर पटेल, विनय कुमार, उमेश यादव, स्टुअर्ट
बिन्नी, मोहित शर्मा और अमित मिश्रा।
अक्षर और केदार टीम इंडिया के नए चेहरे
बांग्लादेश दौरे के लिए घोषित 15 सदस्यीय टीम में रॉबिन उथप्पा की वापसी हुई है। उथप्पा के अलावा केदार जाधव और अक्षर पटेल टीम इंडिया में शामिल नए चेहरे हैं। अक्षर आईपीएल में पंजाब किंग्स इलेवन की टीम से खेलते हैं और उन्होंने इस सत्र में बेहद शानदार प्रदर्शन किया है।
जबकि महाराष्ट्र के बल्लेबाज केदार दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम से खेलते हैं। हालांकि उनकी टीम का प्रदर्शन इस सत्र में भी बेहद खराब रहा था और वह टूर्नामेंट में सबसे नीचले पायदान पर रही। केदार मध्य क्रम के बल्लेबाज हैं और पार्ट टाइम फिरकी गेंदबाज हैं।
बांग्लादेश जाने वाली टीम में युवा खिलाड़ियों की भरमार है। गेंदबाजी में स्टुअर्ट बिन्नी और मोहित शर्मा को टीम में बनाए रखा गया है।
संजू सैमसन चूके साहा की लॉटरी लगी
इनमें सबसे बड़ा नाम सामने आ रहा था केरल के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन का। सैमसन आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हैं, साथ ही अंडर-19 टीम इंडिया के सदस्य भी रह चुके हैं। लेकिन उन्हें बांग्लादेश दौरे के लिए टीम में नहीं रखा गया।
जबकि बंगाल के विकेटकीपर-बल्लेबाज रिदिमान साहा दोनों दौरे के लिए विकेटकीपर के रूप में टीम में रखे गए हैं। दिनेश कार्तिक और पार्थिव पटेल के आईपीएल में असफल होने का फायदा भी साहा को मिला।
गंभीर की तमन्ना पूरी, टेस्ट टीम में हुई वापसी
जून में ही इंग्लैंड जाने वाली टीम इंडिया की टेस्ट टीम में गौतम गंभीर की वापसी हुई है। हालांकि उन्हें बांग्लादेश दौरे के लिए वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया है।
पिछले साल फॉर्म से जूझ रहे गौतम गंभीर प्रथम श्रेणी क्रिकेट में फॉर्म में लौट चुके हैं और उनके बल्ले से पिछले सत्र में रणजी ट्रॉफी में 578 रन निकले थे। साथ ही आईपीएल में बेहद खराब शुरुआत के बाद उनके बल्ले से रन निकलने लगे हैं। हालांकि टूर्नामेंट के शुरुआती 4 मैचों में वह 3 बार शून्य पर आउट हुए थे।
टेस्ट के लिए 18 सदस्यीय घोषित टीम- महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), मुरली विजय, शिखर धवन, गौतम गंभीर, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, ईश्वर पांडे, इशांत शर्मा, स्टुअर्ट बिन्नी, वरुण आरोन, रिदिमान साहा और पंकज सिंह।
पर इन दिग्गजों को नहीं मिला मौका
बीसीसीआई सचिव संजय पटेल ने कहा की इंग्लैंड दौरे के लिए 18 सदस्यीय टेस्ट टीम का चयन किया जिसमें 32 वर्षीय गौतम गंभीर को भी जगह दी गई। राजस्थान के 29 वर्षीय तेज गेंदबाज पंकज सिंह को रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करने का इनाम मिला।
आलराउंडर स्टुअर्ट बिन्नी सरप्राइज पैकेज रहे और उन्हें भी टेस्ट टीम में जगह मिली है। चोट से जूझ रहे तेज गेंदबाज जहीर खान, स्पिनर हरभजन सिंह और प्रज्ञान ओझा टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे हैं।
इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज से पहले 2 अभ्यास मैच
इंग्लैंड का दौरा 26 जून से शुरू होगा। भारत दौरे की शुरुआत लिचेस्टर में तीन दिवसीय अभ्यास मैच से करेगा। टीम इंडिया पहला टेस्ट (9 जुलाई) मैच खेलने से पहले एक और अभ्यास (1-3 जुलाई) मैच खेलेगी।
पहला टेस्ट 9 जुलाई को ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा। जबकि अन्य टेस्ट मैच लॉर्ड्स (17-21 जुलाई), साउथम्प्टन (27-31 जुलाई), ओल्ड ट्रैफर्ड (7-11 अगस्त) और द ओवल (15-19 अगस्त) में खेले जाएंगे।
टेस्ट सीरीज के बाद वनडे सीरीज भी खेलेगा भारत
टीम इंडिया दौरे में एकमात्र ट्वंटी-20 मैच खेलेगी और यह मुकाबला 7 सितंबर को एजबेस्टन में खेला जाएगा।