कुछ न कर पाया ऑस्ट्रेलिया, लगा दी शतकों की हैट्रिक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंग्लैंड में खेली जा रही टेस्ट सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने अपने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर जोरदार प्रदर्शन किया। भारत एक समय इस मैच में अच्छी स्थिति में था लेकिन बाद में यह मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ।
भारत और इंग्लैंड दोनों से हजारों मील दूर भारत की एक और टीम ऑस्ट्रेलिया में है और वहां पर चार दिवसीय मैचों की गैर-आधिकारिक टेस्ट सीरीज में कंगारुओं को जबर्दस्त चुनौती देने में जुटी हुई है।
यूं तो इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की टीम भारतीय बल्लेबाजों के आगे खूब पसीना बहा रही है। साथ ही एक बल्लेबाज ऐसा भी है जिसने कंगारुओं की नाक में दम कर रखा है।
उमेश यादव ने झटके 5 विकेट
ब्रिसबेन में खेले जा रहे दूसरे मैच के तीसरे दिन भारत ने 501 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है। भारत की ओर से नमन ओझा ने सीरीज में शतकों की हैट्रिक लगाते हुए सबसे ज्यादा 110 रन बनाए। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 18 चौके और 3 छक्के भी लगाए।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया-ए की पूरी टीम 423 रन बनाकर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से पुछल्ले बल्लेबाज बेन कटिंग ने सर्वाधिक 96 रन बनाए। भारत की ओर से तेज गेंदबाज उमेश यादव ने 83 रन देकर 5 विकेट झटके। पहली पारी के आधार पर भारत को 78 रनों की बढ़त मिली।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी शुरू कर दी थी लेकिन खराब रोशनी के कारण आगे का खेल रोक दिया गया और उस समय तक रन नहीं बने थे।
430 रन बनाने के बाद आउट हुए नमन
पहले मैच की पहली पारी में नमन ने 219 रनों की नाबाद पारी खेलने के बाद दूसरी पारी में भी ताबड़तोड़ 101 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुए। इस तरह से 320 रन बनाने के बावजूद वह नॉटआउट ही रहे।
इसके बाद दूसरे मैच की पहली पारी में भी नमन ने 110 रनों की उम्दा पारी खेली। नमन को आउट करने के लिए ऑस्ट्रेलिया को काफी संघर्ष करना पड़ा। खेल के तीसरे दिन बेन कटिंग ने उन्हें कैच आउट कराकर सीरीज में नमन को पहली बार आउट करने का मौका हासिल किया। इस तरह से देखा जाए तो 430 रन बनाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज नमन को आउट करने में सफल रहे।
आतिशी पारी के बाद शतक से चूके उमेश
ऐसा नहीं है कि इंग्लैंड में ही पुछल्ले बल्लेबाज बड़ी पारियां खेलकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया में भी पुछल्ले बल्लेबाज चल रहे हैं। पहले ऑस्ट्रेलिया के बेन कटिंग ने 96 रनों की पारी खेलकर टीम का ठोस आधार रखा।
इसके बाद भारत-ए की ओर से तेज गेंदबाज और 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए उमेश यादव ने भी दिलकश बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को पांच सौ के पार पहुंचा दिया। हालांकि बेहद शानदार बल्लेबाजी करने के बावजूद वह अपने शतक से महज 10 रन से चूक गए।
उनकी पारी की विशेषता यह रही कि उन्होंने महज 66 गेंदों में 90 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 11 चौकों के अलावा 5 छक्के
भी लगाए। साथ ही उन्होंने जसप्रीत बुमराह (नाबाद 16) के साथ 10वें विकेट के
लिए 80 रनों की साझेदारी भी की।
शतक का मौका गंवाने वाले उमेश ने इससे पहले गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया था और ऑस्ट्रेलिया-ए के 5 विकेट झटके थे। ओझा और उमेश यादव के अलावा ओपनर लोकेश राहुल ने 52 और कप्तान मनोज तिवारी ने 63 रनों का योगदान दिया।