अफगान टीम को भी हराने में आया पसीना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत ने भले ही एशिया कप में 106 गेंद शेष रहते अफगानिस्तान को आठ विकेट से हरा दिया हो लेकिन वर्ल्ड चैंपियन को यह मैच जीतने के लिए 'कमजोर' टीम के सामने काफी पसीना बहाना पड़ा।
ढाका के मीरपुर में खेले गए टूर्नामेंट के अपने अंतिम लीग मुकाबले में गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के बाद भारत को 160 रनों का लक्ष्य हासिल करने के लिए 32.2 ओवर तक बल्लेबाजी करनी पड़ी। हालांकि भारत के सिर्फ दो विकेट गिरे। भारत की ओर से रोहित शर्मा की जगह शिखर धवन (60) के साथ पारी की शुरुआत
इससे पहले अफगानिस्तान की पूरी टीम 45.2 ओवर में 159 रन बनाकर आउट हो गई। शुरुआती दो ओवर में 23 रन देने के बाद अपने अगले ओवर में मोहम्मद शमी ने नवरोज मंगल (5) को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। रवींद्र जडेजा (4 विकेट) और आर अश्विन (3 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। मोहम्मद शमी को दो और अमित मिश्रा को एक सफलता मिली।
आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए समीउल्लाह शेनवारी (50 रन, 6 चौका और 1 छक्का) ने साहसिक बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि अफगानिस्तान के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके हैं।
धीमी शुरुआत के बाद की शतकीय साझेदारी
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम आज नई जोड़ी के साथ क्रीज पर आई और दोनों ने बेहद धीमी शुरुआत करते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया।
बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन ने रोहित शर्मा की जगह अजिंक्य रहाणे के रूप में नए जोड़ीदार के साथ पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 23.3 ओवर में 121 रनों की साझेदारी की। इसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक भी लगाए।
अजिंक्य रहाणे (66 गेंद, 5 चौका) के रूप में भारत का पहला विकेट 24वें ओवर की तीसरी गेंद पर गिरा। रहाणे के जाने के बाद अगले ओवर में धवन भी आउट हो गए। उन्होंने 78 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 60 रन बनाए।
रोहित और कार्तिक ने मौकों का फायदा उठाया
महज दो रनों के अंदर दो जमे हुए बल्लेबाजों का विकेट गंवाने के बाद रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक ने आगे का मोर्चा संभाला।
दोनों नए बल्लेबाजों ने टीम को और कोई झटका नहीं लगने दिया और आसानी से भारत को जीत के पार पहुंचा दिया। रोहित शर्मा ने 33वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौका मारकर जीत पर मुहर लगा दी।
मैच खत्म होने के समय रोहित 24 गेंदों पर 18 रन और कार्तिक 27 गेंदों में तीन चौके के साथ 21 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत की टूर्नामेंट में यह दूसरी जीत है। इससे पहले भारत ने बांग्लादेश को हराया था। हालांकि इस परिणाम का टूर्नामेंट में कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमें फाइनल में पहुंच चुकी है।
आक्रामक शुरुआत के बाद लगे जडेजा के झटके
भारत से पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद अफगानिस्तान ने शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज की और पांच ओवर में बिना किसी नुकसान के 30 रन बना दिए। अफगान टीम की सलामी जोड़ी ने मोहम्मद शमी के पहले दो ओवर में 23 रन कूट लिए।
लेकिन छठे ओवर की पहली गेंद पर शमी ने ओपनर नवरोज मंगल (5) को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिला दी। इसके बाद विकेटों का पतन शुरू हो गया।
शुरुआती सफलता के बाद रवींद्र जडेजा ने जोरदार गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में महज तीन देकर तीन विकेट (रहमत शाह, नूर अली जरदान और अस्गर स्टानकजई) झटककर अफगान टीम को संकट में डाल दिया। अफगान टीम का स्कोर 5 विकेट पर 64 रन हो गया था।
शेनवारी ने अफगान टीम की रखी लाज
अनुभवहीन अफगान टीम को भारतीय गेंदबाजों का सामना करने में खासी दिक्कत आई। 17वें ओवर में विराट कोहली के हाथों जीवनदान पाने के अगले ओवर में नजुबुल्लाह जरदान (5) को अश्विन ने कैच आउट कराकर पवेलियन की राह दिखा दी।
इसके बाद जडेजा ने अपनी चौथी सफलता हासिल करते हुए कप्तान मुहम्मद नबी (6) को विकेट के पीछे कैच आउट कराया।
हालांकि एक छोर पर विकेटों के पतन के बावजूद मध्य क्रम के बल्लेबाज सामीउल्लाह शेनवारी ने शानदार बल्लेबाजी की और टीम का स्कोर डेढ़ सौ के पार पहुंचा दिया। अफगानिस्तान के सात विकेट महज 95 रन पर गिर गए थे लेकिन शेनवारी ने अर्धशतक ठोककर भारतीय गेंदबाजों को माकूल जवाब देने की कोशिश की। शेनवारी के अलावा ओपनर नूर अली जरदान ने 31 रनों का योगदान दिया।
भारतीय एकादश में फिर कोई बदलाव नहीं
भारत ने एक बार फिर अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। जबकि माना जा रहा था कि इस रबर मैच में चेतेश्वर पुतारा और ईश्वर पांडे को मौका मिल सकता है। हालांकि अफगानिस्तान ने अपनी एकादश में एक बदलाव किया है।
वनडे क्रिकेट में भारत और अफगानिस्तान के बीच यह पहली भिड़ंत है। दोनों टीमें एशिया कप में एक-एक मुकाबला जीत सकी हैं। यह मैच अब महज औपचारिकता रह गई है क्योंकि दोनों टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं।
वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया ने मेजबान बांग्लादेश को टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में हराया था, जबकि अफगानिस्तान ने सबको चौंकाते हुए बांग्ला टीम को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज कराई थी।