गंभीर ने दिल्ली का दिल तोड़ा, KKR को दिलाई जीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली डेयरडेविल्स अपने मैदान फिरोजशाह कोटला पर हार के सिलसिले को आज भी रोकने में नाकाम रही। इस बार उसकी हार में स्थानीय खिलाड़ी गौतम गंभीर का अहम योगदान रहा जो इस समय आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स टीम की अगुवाई कर रहे हैं।
आईपीएल 7 के 28वें मुकाबले में गंभीर (69 रन, 56 गेंद, 5 चौका और 2 छक्का) की अर्धश्ातकीय पारी के दम पर कोलकाता नाइटराइडर्स ने दिल्ली को 10 गेंद शेष रहते 8 विकेट से हरा दिया। (लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें)
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान गौतम गंभीर ने रॉबिन उथप्पा (47) के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। इससे पहले दिल्ली ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। जेपी डुमिनी ने सर्वाधिक 40 रनों की अविजित पारी खेली। जबकि दिनेश कार्तिक ने 36 रन बनाए।
शुरुआती झटकों के बाद कार्तिक-डुमिनी ने संभाला
दिल्ली का पहले बल्लेबाजी करने का फैसला टीम के लिए शुरू में सही साबित नहीं हुआ। तीसरे ओवर में क्विंटन डी कॉक (10) उमेश यादव की गेंद पर कैच आउट हो गए।
इसके बाद जल्द ही कप्तान केविन पीटरसन भी मात्र 6 रन बनाकर रन आउट हो गए। लेकिन ओपनर मुरली विजय (24) ने दिनेश कार्तिक के साथ तीसरे विकेट के लिए 35 रनों की साझेदारी कर टीम को शुरुआती संकट से बाहर निकाला।
जैक्स कैलिस ने विजय को कैच आउट कराया। कार्तिक ने 22 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 36 रन बनाए। जबकि अंतिम ओवरों में तेजी से बल्लेबाजी करते हुए जेपी डुमिनी ने नाबाद 40 रनों (3 छक्के) की पारी खेली। केदार जाधव ने भी नाबाद 26 रनों का योगदान दिया। मैच में दिल्ली के वाएने पार्नेल सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 2 विकेट झटके।
गंभीर और उथप्पा ने की फिर ठोस शुरुआत
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम को एक बार फिर कप्तान गौतम गंभीर और रॉबिन उथप्पा ने ठोस शुरुआत दिलाई। पिछले मैच में पहले विकेट के लिए हुई शतकीय साझेदारी के बावजूद कोलकाता की टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
ऐसे में गंभीर ने उथप्पा के साथ एक बार फिर अच्छी शुरुआत कर टीम की जीत की नींव रखी। हालांकि उथप्पा अपने अर्धशतक से चूक गए और 47 रनों (34 गेंद, 5 चौका और 1 छक्का) के निजी स्कोर पर पगबाधा हो गए।
इस बीच गंभीर ने अपना अर्धशतक पूरा किया और मनीष पांडे के साथ टीम की पारी को आगे बढ़ाया। गंभीर इस बार अपना विकेट अंत तक बचाए रखने के लिए जुगत में रहे जिससे अचानक मैच गंवाना न पड़े। हालांकि टीम जब लक्ष्य से 10 रन दूर थी तब गंभीर आउट हो गए।
कोटला पर दिल्ली ने लगाई हार की हैट्रिक
घरेलू मैदान पर लगातार दो मैच हार चुकी दिल्ली डेयरडेविल्स बुधवार को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ कोटला के मैदान पर अपनी हार के सिलसिले को नहीं रोक सकी।
फिरोजशाह कोटला में लगातार तीसरा मैच हारने वाली दिल्ली का अपने घरेलू मैदान पर खराब प्रदर्शन का दौर जारी है और उसे पिछले 9 में से 8 मैचों में हार का मुंह देखना पड़ा है।
दूसरी ओर, गंभीर की टीम केकेआर ने लगातार चले आ रहे पराजय क्रम को तोड़कर टूर्नामेंट में तीसरी जीत दर्ज कराई है। कोलकाता की 8 में से तीसरी जीत है जबकि दिल्ली ने इतने ही मैचों से महज 2 मैच ही जीते हैं।