महिला से संबंध बनाना चाहता था सिरफिरा आशिक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद के सरायइनायत थाना क्षेत्र के लीलापुर खुर्द गांव में एक सिरफिरे आशिक ने एक महिला सुशीला यादव (26) को तेजाब फेंककर मार डाला।
तेजाब के हमले में सुशीला का तीन साल का बेटा और बहन भी झुलस गई। महिला की मौत शुक्रवार को एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
पुलिस ने आरोपी मानसिंह यादव को शुक्रवार को दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि महिला ने उसके प्रेम संबंध के प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो उसने जलन में उस पर तेजाब फेंक दिया।
सुशीला लीलापुर खुर्द में अपने मायके में करीब तीन साल से बेटे प्रियांशु (6) और गोलू (3) के साथ रहती थी।
सुशीला से संबंध बनाना चाहता था आरोपी
उसकी शादी सराय ममरेज के राहुल यादव से हुई थी। गांव वालों का कहना है कि राहुल से उसके संबंध कुछ ठीक नहीं थे।
इसलिए वह अपनी मां कमला देवी के साथ ही रहने लगी थी। पिता रामसजीवन की काफी पहले ही मौत हो गई थी।
उसकी बहन शीला भी इन दिनों मायके आई हुई थी। शीला की शादी झूंसी के बजहा में हुई है।
जिस वक्त मलखानपुर का मानसिंह उसके घर में दाखिल हुआ, वह अपनी बहन और तीन साल के बेटे गोलू के साथ कमरे के भीतर सो रही थी।
तेजाब की पूरी बोतल ही सुशीला पर उड़ेल दी
प्रियांशु अपनी नानी के साथ घर के बरामदे में सोया हुआ था। दरवाजा बंद नहीं था। इसलिए कमरे तक पहुंचने में मानसिंह कोई दिक्कत नहीं हुई।
उसने तेजाब की बोतल सुशीला पर उड़ेल दी। इस हमले में गोलू भी झुलस गया और उसकी बहन शीला पर भी कुछ छींटे आईं।
घटना को अंजाम देने के बाद मानसिंह भाग खड़ा हुआ। शीला अपनी बहन सुशीला और उसके बेटे गोलू को लेकर रात में ही झूंसी अपने ससुराल पहुंच गई।
वहां उसका इलाज एक निजी अस्पताल में कराया गया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। यहां से 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस को बुलाया गया और सुशीला तथा गोलू को एसआरएन अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
हत्या और तेजाब फेंकने का मुकदमा दर्ज
यहां दोपहर बाद उपचार के दौरान सुशीला ने दम तोड़ दिया। गोलू की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। शीला मामूली रूप से झुलसी है।
खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मानसिंह को पकड़ लिया। सुशीला की मां ने रात में मानसिंह के खिलाफ हत्या और तेजाब फेंकने का मुकदमा दर्ज करा दिया।
एसओ राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मानसिंह, सुशीला से संबंध बनाना चाहता था। इंकार करने पर बदला लेने के लिए उसने हत्या की।
दो महीने पहले भी पीटा था, पुलिस ने कुछ नहीं किया
महिला को तेजाब फेंककर मारने का आरोपी मानसिंह शादीशुदा है। उसके दो बच्चे भी हैं। मानसिंह दूध बेचता है। वह सुशीला के घर दूध लेने के लिए जाता था।
रोज आने जाने से उसकी पहचान सुशीला से हो गई थी। तभी से वह सुशीला के पीछे पड़ा हुआ था। सराय इनायत थाने की पुलिस ने अगर सुशीला की शिकायत को गंभीरता से लिया होता तो उसकी हत्या नहीं होती।
दो माह पहले मानसिंह ने उस पर हमला बोल दिया था। उसकी काफी पिटाई की थी। सुशील ने थाने में तहरीर भी दी थी लेकिन पुलिस ने मानसिंह के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इसी का नतीजा रहा कि वह उसे धमकी देता रहता था। आखिरकार उसने सुशीला की जान ही ले ली।