महिला ने अंतर्वस्त्रों में छुपाईं सोने की 8 मोहरें
लगातार हो रहे खुलासों के बावजूद हवाई यात्रा करने वाले तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एक बार फिर कस्टम विभाग ने एक महिला के पास से करीब डेढ़ किलो सोना बरामद किया है।
सूत्रों के मुताबिक, कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने 38 वर्षीय महिला को चेकिंग प्वाइंट पर रोका। उन्होंने उसके कपड़ों और पर्स की जांच की तो वहां से 1.6 किलो सोना मिला। इसकी कीमत 46 लाख बताई जा रही है।
महिला ने सोने की मोहरें और गहने कपड़ों में छुपा रखे थे। आरोपी महिला वडोदरा की रहने वाली है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी महिला पहली बार सोना चुराकर ला रही थी और कस्टम विभाग को चकमा देकर अहमदाबाद जा रही थी।
अंतर्वस्त्रों में छुपाईं मोहरें और इस जगह रखा हार
आरोपी महिला शारजाह से एयर अरबिया फ्लाइट से अहमदाबाद आई थी। अधिकारियों ने बताया कि उसने अपने अंतर्वस्त्रों में 8 सोने की मोहरें छुपा रखीं थीं और दो हार व सोने की चार चूड़ियां पर्स में रखी थीं।
सोने की मोहरों का वजन 800 ग्राम था। चेकिंग प्वाइंट पर अधिकारियों को जब उस पर शक हुआ तो रोक कर जांच की गई और उसकी पोल खुल गई।
चेन्नई में पकड़ा गया 100 करोड़ का सोना
वहीं, चेन्नई एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के मामलों को लेकर जारी की गई रिपोर्ट ने सबको हैरान कर दिया है। कस्टम विभाग ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि उन्होंने 2014 में करीब 100 करोड़ का सोना पकड़ा है।
यह आंकड़ा दिसंबर 2014 तक का है। विभाग के मुताबिक इस साल 365 किलो सोना बरामद किया गया है। इसके पहले साल में 35 करोड़ का सोना पकड़ा गया था, जो कि 113 किलो था।
अधिकारियों ने कहा कि इतनी मात्रा में सोना पकड़े जाने का कारण ज्यादा सख्ती और जांच है। विभाग ने यात्रियों के पास, प्लेन और एयरपोर्ट बिल्डिंग से सोना बरामद किया। विभाग के चीफ कमिश्नर, एस रमेश ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नए जवानों की भर्ती होगी।
जब टॉयलेट में सोना फेंककर भागे तस्कर
चेन्नई एयरपोर्ट सोने की तस्करी के लिए इसलिए भी चर्चित है क्योंकि इसकी सिंगापुर, कुआलालंपुर, कोलंबो और दुबई से कनेक्टिविटी अच्छी है। इन्हीं जगहों से सबसे ज्यादा सोना तस्करी करके लाया जाता है।
एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने यात्रियों का ब्यौरा देखना शुरू किया और खुफिया जानकारियां भी जुटाईं जिसके चलते तस्करी का भंडाफोड़ होता गया। चुस्त सुरक्षा व्यवस्था के चलते कई बार तस्कर कूड़े के डिब्बे और टॉयलेट में सोना फेंकने को मजबूर हुए।
अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट पर फिलहाल 194 कस्टम अधिकारी तैनात हैं। कस्टम विभाग के कमिश्नर के चंद्रशेखर ने बताया कि व्यापार के बढ़ने से विभाग के लिए सुरक्षा का मुद्दा भी अहम है।