गैंगरेप कर अश्लील वीडियो बनाने पर छात्रा ने छोड़ा गांव, दो गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में मुरादाबाद में चौदह साल की उम्र में गैंगरेप की घिनौनी घटना ने उसे अंदर तक तोड़ दिया था। दरिंदों की हैवानियत उसके कलेजे में खौफ बनकर पैवस्त हो चुकी थी। हर आहट पर वो कांप उठती थी। घटना के बाद भी आरोपी उसे ब्लैकमेल कर रहे थे।
वीडियो इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। गुनहगारों की पुलिस से यारी थी। लिहाजा थाने से इंसाफ की आस भी उसे नहीं रही। दबंगों के आगे घर वाले भी बेबस थे।
रेप करने वाले वीडियो को एक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे थे। जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो उसने गांव छोड़ दिया और मुरादाबाद में रहने लगी। इस पर झुंझलाए दरिंदों ने उसकी वीडियो वायरल कर दी।
अमर उजाला के पास आया गैंगरेप का वीडियो
(तस्वीर में गैंगरेप के आरोपी)
‘अमर उजाला’ कार्यालय को मंगलवार को एक वीडियो सीडी के साथ गुमनाम पत्र मिला था। जिसमें बलात्कार की इस घिनौनी घटना का जिक्र था। वीडियो में एक चौदह वर्ष की छात्रा के साथ दो युवकों को दरिंदगी करते दिखाया गया था।
जबकि तीसरा एक युवक भी इस हरकत में शामिल था। वीडियो में छात्रा रो बिलख रहा थी और दो युवक उसके साथ मारपीट कर जबरन रेप कर रहे थे। पीड्ति का नाम पता मालूम होने के बाद भी पुलिस लीपापोती कर रही थी।
‘अमर उजाला’ ने जब मामले को प्रमुखता से छापा तो महकमा हरकत में आया। वीडियो देखकर गुनहगहारों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने पीड़िता को खोजना शुरू किया तो डर दहशत की एक और कहानी उजागर हुई।
पीड़िता घटना के बाद गांव छोड़ चुकी थी। सीओ कांठ राहुल सिंह द्वारा सुरक्षा का भरोसा दिलाने पर परिजनों ने बताया कि वह मुरादाबाद में है। सीओ ने मुरादाबाद आकर छात्रा से लंबी बात की।
चौदह वर्ष की गैंगरेप पीड़िता की दास्तां
छात्रा ने अपने साथ हुई दरिंदगी की पूरी दास्तां बयां की जिसे सुनकर सभी का कलेजा कांप उठा। इसके बाद सीओ पीड़िता को लेकर छजलैट थाने पहुंचे और गुनहगारों की शिनाख्त कराई जिन्हें देखते ही वह बिलख पड़ी। बोली यही दरिंदे हैं, इन्होंने ही बर्बाद कर दी मेरी जिंदगी। छात्रा का आक्रोश फट पड़ा और उसने गुनहगारों पर थप्पड़ भी बरसाए।
‘... ये घटना करीब चार माह पुरानी है। मेरा किसी आरोपी से कोई अफेयर नहीं था। पड़ोस गांव रमपुरा का अजीत कभी कभार फोन करता था। उसका खेत हमारे खेत के बगल में है।
मैं अपने घर वालों के साथ खेत पर जाती थी तो कभी कभार सभी के सामने बात होती थी। घटना वाले दिन भी मैं खेत पर गई थी। वहां मौजूद अजीत ने मुझे आवाज देकर बुलाया। मैं गई तो अचानक उसके साथी रोबिन और अनिल भी आ गए।
ये तीनों मुझे जंगल में बनी झोंपड़ी में खींच ले गए और मेरे साथ बारी -बारी से जबरन बलात्कार किया। मैं रोई चिल्लाई, इनके आगे गिड़गिड़ाई लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। इन्होंने मारपीट करके मेरी अश्लील वीडियो बना ली।
धमकी दी कि मुंह खोला तो वीडियो नेट पर डाल देंगे। बोले, थाने में हमारी पैठ है कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी। घंटों इनकी दरिंदगी झेलने के बाद मैं घर पहुंची तो मैंने परिजनों को घटना बताई। हमने थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश भी की... लेकिन आरोपियों का थाने में उठना बैठना था। आरोपी मुझे ब्लैकमेल करते थे लिहाजा गांव छोड़कर मुरादाबाद चली आई’।
सीओ की पत्नी उठाएंगी पीड़िता का पढ़ाई खर्च
ये वाकई एक प्रशंसनीय पहल है। गैंगरेप की शिकार चौदह वर्ष की छात्रा को सहारा देने के लिए सीओ कांठ राहुल कुमार की पत्नी कुसुम आगे आई हैं। उन्होंने पीड़िता की मानसिक काउंसलिंग, पूरी देखभाल और पढ़ाई का खर्च उठाने की घोषणा की है।
गैंगरेप पीड़िता बेहद गरीब घर से नाता रखती है। पढ़ाई जारी रखने के लिए वह एक ब्यूटी पार्लर पर पार्ट टाइम जॉब भी करती है। लेकिन पढ़ लिखकर कुछ बनने के उसके सपने को बलात्कारियों ने तहस नहस कर दिया है।
सीओ की पत्नी ने कहा है कि वह छात्रा की मानसिक काउंसलिंग कराएंगी ताकि वह अपने साथ हुए इस घिनौने अपराध से उबर सके। इंसाफ पाने के लिए लड़े और अपनी पढ़ाई को जारी रखे। कुसुम ने पीड़िता की देखभाल करने और पढ़ाई जारी रखने का जिम्मा संभाला है।
कतराता रहा थाना, सीओ ने मारे छापे
नाबालिग से गैंगरेप की घटना में अधिकारियों की सख्ती के बाद भी छजलैट पुलिस आखिर तक सुस्त रही। थाना पुलिस ने मुल्जिमों की संख्या को भी तीन से घटाकर दो करने की कोशिश की। थाना पुलिस के रवैय्ये को देखते हुए सीओ कांठ राहुल सिंह ने पूरे आपरेशन की कमान खुद संभाली।
उन्होंने वीडियो देखने के बाद आरोपियों को ट्रेस किया और फिर खुद दबिश देकर एक - एक कर उन्हें पकड़ा। अनिल को पकड़ने के बाद सीओ ने मुरादाबाद में पेंटालून शोरूम पर छापा मारकर यहां काम करने वाले रोबिन को पकड़ लिया। सीओ ने ही मुरादाबाद में पीड़िता को खोजा और उन्होंने ही पीड़ित परिवार को यकीन दिलाया कि गुनहगार जितने भी ताकतवर क्यों न हों, पुलिस से बच नहीं पाएंगे।