पढ़ें, एक अजीबोगरीब चोर की ये कहानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यह वाकई बड़ा अजीबोगरीब चोर है। उसे किसी की धनदौलत से मतलब नहीं है। उसे नफरत है तो अफसरों के ऐशोआराम से।
मुरादाबाद कलेक्ट्रेट में जाकर हर साल अधिकारियों के आफिसों में लगे एसी को ठप कर देता है। पिछले तीन वर्षों से हर साल पाइप काटकर एसी की गैस निकाल रहा है।
रविवार को भी यही हुआ। मुरादाबाद डीएम और एडीएम आफिस में लगे एयर कंडिशनर खराब कर दिए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट के अधिकारी पसीना पसीना हो गए। उफ गर्मी, हाय-हाय गर्मी करते हुए दिन बीता।
अफसरों को एसी में नहीं देखना चाहता चोर
दरअसल कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के आफिस में जो एसी लगे हैं उनके पाइप और पंखा छत पर लगा हुआ है।
रविवार की रात को चोर ने एसी के पाइप काट लिए। पीतल का पाइप कटने से गैस भी निकल गई है। सोमवार की सुबह को जब अधिकारी यहां पहुंचे तो इनके एयर कंडिशनर बंद थे।
तत्काल नाजिर को कॉल किया गया। जब चेक कराया गया तो पता चला कि एसी का पाइप कटा हुआ था। तार भी काट दिए गए थे।
अब इन्हें ठीक कराने में एक दो दिन का वक्त लग जाएगा।
पाइप काटकर खराब कर देता एयर कंडिशनर
यह कोई पहली दफा नहीं हुआ बल्कि पिछले तीन वर्षों से हर साल गर्मियों के दिनों में कलेक्ट्रेट के एसी ठप कर दिए जाते हैं। इन्हें सही कराने में भी हजारों का खर्च आता है। एयर कंडिशनर के पाइप काटे जाने की रिपोर्ट तीन दफा सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई जा चुकी है।
इस चोर को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई दफा प्रयास किए लेकिन वह हाथ नहीं लगा। खास बात यह है कि पूरी सर्दियां बीत जाती हैं मगर कलेक्ट्रेट में तो कभी केबिल कटता है और न ही कभी एसी का पाइप।
लेकिन जून जुलाई के महीने में ही हर साल कलेक्ट्रेट के एयर कंडिशनर बंद कर दिए जाते हैं। यहां बता दें कि रात के वक्त कलेक्ट्रेट की सुरक्षा के लिए होमगार्ड तैनात हैं मगर फिर भी यह चोर अपने मंसूबों में कामयाब हो ही जाता है।